Last Updated: Saturday, January 14, 2012, 15:53
रालेगण सिद्धी : गांधीवादी कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने शनिवार को स्वामी रामदेव के चेहरे पर काली स्याही फेंकने की कोशिश को ‘लोकतंत्र को कलंकित’ करने का प्रयास बताते हुए कहा कि ऐसे हमले ‘जन आंदोलनों’ को नहीं रोक सकते।
दमा की परेशानी होने के बाद अपने गांव में स्वास्थ्य लाभ कर रहे अन्ना ने कहा, ‘यह स्वामी रामदेव के चेहरे को काला करने का प्रयास नहीं था। यह लोकतंत्र को कलंकित करने की कोशिश थी। किसी के बेदाग जीवन को कलंकित नहीं किया जा सकता। ऐसी स्याही दो मिनट में साफ की जा सकती है। लेकिन जिनका जीवन भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और लूट से कलंकित है, इन दागों को साफ नहीं किया जा सकता।’
अन्ना ने कहा, ‘रामदेव हमेशा समाज और देश की भलाई के लिए लड़ते रहेंगे और हमारे जैसे लाखों कार्यकर्ता उनका समर्थन करेंगे।’ स्वामी रामदेव ने अन्ना हजारे द्वारा मजबूत लोकपाल के लिए चलाए जा रहे आंदोलन को आरंभ में समर्थन दिया था लेकिन बाद में दोनों अलग हो गए। अन्ना ने कहा, ‘ऐसे हमलों से जन आंदोलन बंद नहीं होंगे बल्कि और गहन होंगे।’
स्वामी रामदेव आज नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे तभी एक व्यक्ति ने उनपर काली स्याही फेंकने की कोशिश की।
(एजेंसी)
First Published: Saturday, January 14, 2012, 21:23