राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मोदी का बजा डंका, चुनावी तेवर में आई BJP

राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मोदी का बजा डंका, चुनावी तेवर में आई BJP

राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मोदी का बजा डंका, चुनावी तेवर में आई BJPज़ी न्यूज़ ब्यूरो/एजेंसी

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में चल रहे राष्ट्रीय अधिवेशन में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी दूसरे दिन भी छाए रहे। पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने आज फिर मोदी की तारीफों के पुल बांधे और उन्हें सर्वाधिक लोकप्रिय मुख्यमंत्री करार दिया। साथ ही राजनाथ ने पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिेए तैयार रहने को कहा।

गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की भाजपा में बढ़ती हुई भूमिका साफ नजर आने लगी है और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी तथा राष्ट्रीय परिषद के अधिवेशन में पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने मोदी का विशेष अभिनंदन कर इस ओर स्पष्ट संकेत भी दे दिये हैं।

शुक्रवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सम्मानित किए जाने के दूसरे दिन आज राष्ट्रीय परिषद के अधिवेशन में उनका फिर से विशेष सम्मान किया गया। इस अवसर पर परिषद में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने खड़े होकर मोदी का अभिवादन किया और देर तक उनके सम्मान में तालियां बजती रहीं। मंचासीन पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य भी इस दौरान खड़े रहे।

तालियों की गड़गड़ाहट और मोदी के सम्मान में कार्यकर्ताओं की नारेबाजी के बीच राजनाथ ने कहा, ‘हमने कभी नहीं देखा कि भाजपा ने किसी प्रदेश में एक ही नेता के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार जीत हासिल की हो। उन्होंने हैट ट्रिक बनाई है। उनके सुशासन की तारीफ अमेरिका और यूरोपीय संघ ने भी की है।’ उन्होंने यह भी कहा, ‘मोदी का स्वागत केवल शब्दों से करना पर्याप्त नहीं होगा। उनका स्वागत करतल ध्वनि से और खड़े होकर किया जाना चाहिए।’ इससे पहले मंचासीन पदाधिकारियों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अभिनंदन की श्रृंखला में मोदी का सम्मान किये जाते वक्त भी कार्यकर्ताओं ने ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’ और ‘नरेंद्र मोदी आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ हैं’ के नारे लगाये।

उधर मंच संचालन कर रहे दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल ने बातों बातों में उत्साहित होकर यह तक कह दिया, ‘ऐसा लगता है कि देश के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी हों। अभी मोदी के बारे में कोई फैसला नहीं हुआ है लेकिन बच्चा-बच्चा उन्हें ही अपना प्रधानमंत्री मानने लगा है।’

मंच से जितने भी नेताओं के नाम लिये गये उनमें मोदी का नाम कई बार आया और हर बार उपस्थित कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। मोदी कल परिषद की बैठक में ‘सुशासन’ पर भाषण देंगे, जिसका राष्ट्रीय परिषद की बैठक में आए प्रतिनिधि बेसब्री से इंतेजार कर रहे हैं।

राष्ट्रीय परिषद में मोदी को चुनाव अभियान की कमान सौंपे जाने की घोषणा के सवाल पर पार्टी नेता यही कह रहे हैं कि संसदीय बोर्ड इस बारे में बाद में फैसला करेगा लेकिन इस तरह की भी सुगबुगाहट है कि इस महीने के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष इस बाबत कोई ऐलान कर सकते हैं।

21वीं सदी में भारत को महान बनाने की क्षमता और दृष्टि रखने का दावा करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि संप्रग सरकार से देश निराश और हतोत्साहित है तथा परिवर्तन चाहता है। देश को विकल्प की तलाश है। वर्तमान परिस्थितियों में संप्रग-2 का विकल्प भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के पास ही है।

‘सुशासन संकल्प--भाजपा विकल्प’ के नारे के साथ राष्ट्रीय परिषद की बैठक में भाजपा ने इस साल कर्नाटक, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनावों और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के मद्देनजर उम्मीद जताई कि चुनावों में वह अच्छे बहुमत से जीत हासिल करेगी।

राजनाथ ने आंध्र प्रदेश में अलग तेलंगाना राज्य की मांग पर कहा, ‘हम तेलंगाना की जनता की भावना को समझते हैं और अगर केंद्र में राजग की सरकार आई तो तेलंगाना राज्य के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा।’ उन्होंने जैविक खेती को बढ़ाने और जीएम तकनीक से निजात दिलाने का संकल्प जताते हुए कहा कि बुनियादी विज्ञान में अनुसंधान को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

भाजपा ने महिलाओं के प्रति सुरक्षा का माहौल बनाने, शिक्षा व्यवस्था में परिवर्तन करने की भी बात कही। पार्टी अध्यक्ष ने रामसेतु को देश की अस्मिता और सम्मान का विषय बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार इसे तोड़ना चाहती है लेकिन भाजपा ऐसा नहीं होने देगी और सत्ता में आने पर आर के पचौरी समिति की रिपोर्ट के आधार पर इस दिशा में काम करेगी। चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं से तैयार रहने का आह्वान करते हुए राजनाथ ने कहा कि अपने अपने क्षेत्रों में जाकर चुनाव की तैयारी करनी है और पद की आकांक्षा छोड़कर मर्यादा तथा संयम से सभी को काम करना है।

उन्होंने चीन द्वारा ब्रह्मपुत्र नदी पर बांध बनाये जाने की खबरों का उल्लेख करते हुए संप्रग सरकार के रुख पर चिंता जताई और कहा कि दोनों देशों की सहमति से ही बांध बनाया जा सकता है और चीन की यह कार्रवाई पूर्वोत्तर प्रदेशों के लिए खतरा है। इस मामले का समाधान सुझाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को चीन, बांग्लादेश और भारत के बीच त्रिपक्षीय जल समझौते की पहल करनी चाहिए। बांग्लादेश के साथ तीस्ता जल बंटवारे के मद्देनजर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दोनों देशों के बीच समान संख्या में ही बस्तियों का आदान-प्रदान किया जाना चाहिए।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने पदाधिकारियों से समय पूर्व लोकसभा चुनाव के लिए तैयार रहने के लिए कहा।

राजनाथ ने 90 मिनट के अपने अध्यक्षीय भाषण के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं से इस साल होने जा रहे कर्नाटक, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और दिल्ली के चुनाव के लिए सक्रिय होने का आह्वान किया। उनहोंने कहा कि ये सभी चुनाव भाजपा के लिए महत्वपूर्ण हैं।

भाजपा प्रमुख ने विश्वास जताया कि अगले आम चुनाव के बाद भाजपा का प्रधानमंत्री लाल किले पर तिरंगा झंडा फहराएगा। उन्होंने कहा, "20वीं सदी कांग्रेस की थी और 21वीं सदी भाजपा की होगी।"

उन्होंने कार्यकर्ताओं से पद लोलुपता त्याग पार्टी की सफलता के लिए काम करने का आह्वान किया।

अल्पसंख्यकों तक पहुंच विस्तार करने की गरज से सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी ने किसी के भी साथ धर्म या जाति के आधार पर भेदभाव नहीं किया।

उन्होंने कहा, "हिंदुत्व जीवन शैली है जिसके कारण दुनिया के सभी धर्म भारत में मौजूद हैं।"

हैदरबाद में हुए दोहरे बम धमाके की ओर इशारा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि संप्रग में आतंकवाद की समस्या से मुकाबला करने का माद्दा नहीं है।

पार्टी ने आर्थिक प्रस्ताव में मूल्य वृद्धि के लिए संप्रग को जिम्मेदार ठहराते हुए पेट्रो पदार्थो की मूल्य वृद्धि वापस लेने और उर्वरक की कीमत घटनाने का उपाय करने की मांग की। पार्टी ने कहा है कि यदि उसकी मांगें नहीं मानी जाती है तो वह राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन करेगी। मोदी रविवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी को संबोधित करेंगे। राजनाथ के अध्यक्ष बनने के बाद यह बैठक बुलाई गई है।

First Published: Saturday, March 2, 2013, 13:46

comments powered by Disqus