राष्ट्रीय विषयों पर समाधान सुझाएं वैज्ञानिक: पीएम

राष्ट्रीय विषयों पर समाधान सुझाएं वैज्ञानिक: पीएम

नई दिल्ली : वैज्ञानिक समुदाय से भोजन, पर्यावरण और जल सुरक्षा जैसे राष्ट्रीय विषयों के व्यावहारिक समाधान निकालने का आह्वान करते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आज आगाह किया कि जब तक आंतरिक विषमताओं को पाटा नहीं जाता तब तक देश मानवीय विकास में पीछे रहेगा।

प्रधानमंत्री ने यहां एक समारोह में वैज्ञानिक समुदाय को संबोधित करते हुए कहा, विज्ञान लोगों को सशक्त बनाने और बंधनमुक्त करने का साधन है। जब तक हमारी आंतरिक विषमताओं को दूर नहीं किया जाता, तब तक भारत मानवीय विकास में पीछे रहेगा। उन्होंने कहा, हमारे वैज्ञानिकों को भोजन, पोषण, उर्जा, पर्यावरण और जल सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर राष्ट्रीय समस्याओं के व्यावहारिक समाधान निकालने चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार को विज्ञान के माध्यम से भारत के दीर्घकालिक आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन के लिए अनेक बुनियादी कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने वैज्ञानिक सलाहकार परिषद (एसएसी) को बधाई देते हुए कहा कि इनमें से अनेक कदम परिषद के नीतिगत सुझावों का परिणाम हैं। मनमोहन ने कहा, एसएसी की इन उपलब्धियों को दस्तावेज का रूप देना चाहिए और ज्ञान, समृद्धि तथा शक्ति के क्षेत्र में भारत को नेतृत्व देने वाले रोडमैप के रूप में प्रकाशित किया जाना चाहिए। (एजेंसी)

First Published: Monday, July 8, 2013, 22:19

comments powered by Disqus