Last Updated: Monday, December 12, 2011, 09:42
ज़ी न्यूज ब्यूरो नई दिल्ली: कांग्रेस के सांसद पी वी हनुमंत राव ने कहा कि है कि अन्ना राहुल गांधी पर बेवजह हमला बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांघी सरकार में शामिल नहीं है और वह सिर्फ पार्टी के महासचिव है। राव ने कहा कि अन्ना उनपर लगातार हमला कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अन्ना का राहुल गांधी पर लोकपाल बिल को कमजोर किए जाने का आरोप लगाया जाना बेबुनियाद है। इशारों-इशारों में कांग्रेस अन्ना से यह कह रही है कि वह राहुल गांधी पर हमला करने से बाज आएं।
इस बीच पार्टी के नेता दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी के खिलाफ अन्ना के बयान को राजनीतिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल के खिलाफ अन्ना का बयान राजनीति से प्रेरित है। दिग्विजय ने कहा कि अन्ना, बाबा रामदेव और श्री श्री रविशंकर का मुद्दा राजनीतिक है और उसमें भ्रष्टाचार कहीं भी नहीं है।
राहुल गांधी पर निशाना साधने पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने टीम अन्ना को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि वह कांग्रेस के खिलाफ माहौल बनाने पर आमादा है। सिंह ने मजबूत लोकपाल के मुद्दे पर पीछे हटने का सवाल नहीं होने की बात करते हुए कहा कि पूरी अन्ना टीम, बाबा रामदेव और श्री श्री रविशंकर का इरादा राजनीतिक है। उनके लिए भ्रष्टाचार मुद्दा नहीं है, उनका मुद्दा यह है कि कांग्रेस के खिलाफ कैसे माहौल बनाया जाए। उन्होंने इशारा किया कि अन्ना टीम भाजपा के लिए काम कर रही है।
अन्ना हजारे पर राशिद अल्वी ने आरोप लगाया कि वह विपक्ष के साथ मिलकर कांग्रेस के खिलाफ राजनीति कर रहे हैं। अल्वी ने सोमवार को कहा कि रविवार को जंतर-मंतर पर जो कुछ भी हुआ वह सब कांग्रेस के खिलाफ की गई राजनीति थी। उनका इशारा साफ था कि अन्ना अनशन के बहाने राजनीति कर रहे हैं जिसमें विपक्ष भी उन्हें समर्थन दे रहा है।
अल्वी के बाद कांग्रेस के नेता सत्यव्रत चतुर्वेदी ने अन्ना पर हमला बोला। उन्होंने अन्ना पर प्रहार करते हुए उनके गांधीवादी होने पर सवाल उठाया और पूछा कि क्या वह राजा हरिश्चंद्र हैं ?
सरकार के केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता बेनी प्रसाद वर्मा ने अन्ना पर आरोप लगाया कि वह विपक्ष के नेता बन बैठे हैं। बेनी प्रसाद ने अन्ना पर आरोप लगाया कि वह संघ के एजेंट हैं। उन्होंने कहा कि अन्ना कहां के लाट साहेब हैं। बेनी ने कहा कि अन्ना के आंदोलन को विपक्ष का पूरा समर्थन मिल रहा है।
कांग्रेस नेता बेनी प्रसाद वर्मा ने अन्ना हजारे को चुनौती दी है। उन्होंने अन्ना को विपक्ष का प्रवक्ता बताया। साथ ही ये भी कहा कि अन्ना उत्तर प्रदेश आएंगे तो उन्हें देख लेंगे।
बेनी प्रसाद ने अन्ना को चुनौती देते हुए कहा है कि अन्ना में अगर हिम्मत है तो यूपी में आकर दिखाएं। बेनी यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि आरएसएस उन्हें मोहरे की तरह इस्तेमाल कर रहा है।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा की रणनीति आतंकी गतिविविधियों में शामिल संघ के सदस्यों से ध्यान हटाने की है। लोकपाल पर राहुल गांधी की ओर से संसद में दिए गए बयान को याद करते हुए सिंह ने कहा कि विपक्षी पार्टी ने इसका उस वक्त मजाक उड़ाया, जब उन्होंने (राहुल ने) सुझाव दिया कि लोकपाल को संवैधानिक दर्जा दिया जाना चाहिए।
सिंह ने कहा कि अब टीम अन्ना ने यह बात स्वीकार ली है कि लोकपाल को संवैधानिक दर्जा दिया जाना चाहिए। उन्होंने पूछा कि राहुल को क्यों निशाना बनाया जा रहा है, जबकि उन्होंने इस मुद्दे पर कोई और बयान नहीं दिया।
First Published: Tuesday, December 13, 2011, 13:12