Last Updated: Saturday, July 13, 2013, 21:01
नई दिल्ली : राहुल गांधी ने आज लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक का आयोजन किया। इस वक्त पार्टी सांगली नगर निकाय चुनाव में जीत से काफी उत्साहित है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष के साथ बैठक में गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे, मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, पीसीसी अध्यक्ष माणिकराव ठाकरे, महाराष्ट्र के वरिष्ठ मंत्री नारायण राणे सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल थे। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण भी शामिल हुए थे और इसलिए उनके साथ एआईसीसी के महासचिव गुरूदास कामत और मुकुल वासनिक भी शामिल हुए थे। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण का नाम अगले पीसीसी अध्यक्ष के रूप में लिया जा रहा है।
सांगली नगर निगम चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले केंद्रीय मंत्री प्रतीक पाटिल भी इस बैठक में शरीक हुए थे। दिवंगत मुख्यमंत्री वसंतदादा पाटिल के पौत्र प्रतीक सांगली से सांसद हैं। शरद पवार की एनसीपी को हराकर कांग्रेस ने सांगली पर अपना अधिकार कायम किया। परिणाम के बाद कांग्रेस के एक वर्ग की राय थी कि कांग्रेस को राज्य में अकेले ही आगे बढ़ना चाहिए।
कुछ पार्टी नेताओं ने चुनाव के दौरान एनसीपी द्वारा कांग्रेस को लक्ष्य किए जाने के तरीके पर भी आलोचना की। कुछ ने कहा कि कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन समिति की बैठक पहले ही आयोजित की जानी चाहिए थी। कांग्रेस और एनसीपी महाराष्ट्र में वर्ष 1999 से ही संयुक्त रूप से सत्ता में कायम हैं। इसके कुछ माह बाद ही सोनिया गांधी के विदेशी होने के मुद्दे पर शरद पवार ने कांग्रेस से अपने राहें जुदा कर ली थीं। लेकिन अब एनसीपी वर्ष 2004 से संप्रग का हिस्सा है। बैठक के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। (एजेंसी)
First Published: Saturday, July 13, 2013, 21:01