Last Updated: Saturday, May 18, 2013, 00:15
नई दिल्ली : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र शासित प्रदेशों के कांग्रेस नेताओं की शुक्रवार को एक बैठक बुलाई। उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव से पहले क्षेत्रों के समक्ष समस्याओं का समाधान करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को पहले से सक्रिय बनाने के लिए जोरदार अनुरोध किया।
दादरा नागर हवेली, अंडमान निकोबार द्वीपसमूह, लक्षद्वीप, दमन और दीव के साथ-साथ चंडीगढ़ के नेताओं ने कांग्रेस उपाध्यक्ष पर दबाव डाला कि चूंकि गृह मंत्रालय इन क्षेत्रों में प्रशासन चला रहा है इसलिए वहां लोगों की समस्याओं का निराकरण करने के लिए विशेष दिलचस्पी लेने की आवश्यकता है।
अंडमान एवं निकोबार के नेताओं ने पूर्वोत्तर क्षेत्रों को उपलब्ध सब्सिडी की तर्ज पर द्वीप समूह के लिए हवाई किराए में सब्सिडी की मांग की ताकि महती कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा सके। वहीं दमन और दीव के नेताओं ने इलाके के मछुआरों के लिए मदद मांगी।
चंडीगढ़ के संबंध में औद्योगिक भूखंडों को लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड में तब्दील करने का मुद्दा उठाया गया जो काफी समय से लंबित है।
उन्होंने शहर में आर्थिक रूप से कमजोर तबके के लिए आवासों में फ्लोर की संख्या बढ़ाने के मुद्दे को भी उठाया ताकि अधिक से अधिक लोगों को समायोजित किया जा सके। (एजेंसी)
First Published: Saturday, May 18, 2013, 00:15