Last Updated: Wednesday, October 31, 2012, 17:25

बिलासपुर (हिप्र) : भाजपा नेताओं पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के लिए पार्टी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने आज विपक्षी पार्टी से पूछा कि उसने इस तरह के आरोपों का सामना कर रहे अपने नेताओं के खिलाफ क्या कार्रवाई की।
भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी का परोक्ष तौर पर उल्लेख करते हुए गांधी ने कहा, ‘जहां भी भ्रष्टाचार के आरोप लगे हमने कार्रवाई की। उनके नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगे तो क्या उन्होंने कोई कार्रवाई की। उन्होंने एक भी शब्द कहा।’ एक रैली को यहां संबोधित करते हुए गांधी ने लोगों को याद दिलाया कि कांग्रेस ही आरटीआई लाई और यह भाजपा है जिसने राज्यसभा में लोकपाल विधेयक के पारित होने में बाधा पहुंचाई। उन्होंने एफडीआई के भाजपा के विरोध को भी खारिज कर दिया। उन्होंने उसपर गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाया। गांधी ने कहा कि एफडीआई किसानों के लाभ के लिए है।
गांधी ने कहा, ‘जब भाजपा नीत राजग की सरकार दिल्ली में थी तो वे एफडीआई के खिलाफ नहीं थे। अब जब हम इसे ला रहे हैं तो वे सिर्फ इसलिए इसका विरोध कर रहे हैं क्योंकि ऐसा कांग्रेस कर रही है।’ गांधी ने कहा, ‘विपक्ष कहेगा कि मनरेगा गलत है। किसानों की कर्ज माफी गलत है, सर्वशिक्षा अभियान गलत है और एफडीआई गलत है क्योंकि इसे कांग्रेस कर रही है।’ उन्होंने राज्य में भूमि आवंटन के मुद्दे पर भाजपा की आलोचना की। गांधी ने कहा कि लोग शिकायत करते हैं कि उनकी भूमि मनमाने तरीके से बाहरी लोगों को बेच दी गई।
गांधी ने इस अवसर का इस्तेमाल युवाओं से राजनीति में आने और इसे बदलने का आह्वान करने के लिए भी किया। गौरतलब है कि गांधी जल्द ही पार्टी मामलों में बड़ी भूमिका निभाने वाले हैं। गांधी ने कहा, ‘जब तक आप व्यवस्था से बाहर रहेंगे, जब तक नई पीढ़ी राजनीति में नहीं आएगी, यह व्यवस्था नहीं बदल सकती। मैं नए लोगों, युवकों और खासतौर पर महिलाओं को राजनीति में लाना चाहता हूं। जिन राज्यों में महिलाएं राजनीति में आईं और सचेत थीं उनका विकास तेजी से हुआ।’ (एजेंसी)
First Published: Wednesday, October 31, 2012, 14:22