रिमोट कंट्रोल से संचालित हो रहे पीएम: अन्ना

रिमोट कंट्रोल से संचालित हो रहे पीएम: अन्ना

रिमोट कंट्रोल से संचालित हो रहे पीएम: अन्नाज़ी न्यूज ब्यूरो
मुंबई : जनलोकपाल आंदोलन के प्रणेता अन्ना हजारे ने एक बार फिर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि वह `रिमोट कंट्रोल` से चलते हैं वरना कोयला मंत्रालय का प्रभार संभालते हुए वह कोल ब्लॉकों की नीलामी जरूर करवाते।

मंगलवार को मुंबई पहुंचे अन्ना ने कहा कि कोयला घोटाले से देश के राजकोष को करीब दो लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। हो सकता है इसका सीधा लाभ प्रधानमंत्री तक नहीं पहुंचा हो लेकिन पैसा कहीं न कहीं तो गया ही है। इसकी जांच रिटायर्ड जज से कराई जानी चाहिए। अन्ना ने अपनी टीम में मतभेद की खबरों का भी खंडन किया। हालांकि गत रविवार को दिल्ली के जंतर मंतर पर हुई संयुक्त रैली में योग गुरु बाबा रामदेव ने टीम अन्ना के प्रमुख सदस्य अरविंद केजरीवाल को झिड़की दी थी।

अन्ना ने कहा कि स्वामी रामदेव के भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी से मिलने और केजरीवाले द्वारा रैली में मंत्रियों के नाम लिए जाने के मुद्दे को लेकर हमारे बीच कोई मतभेद नहीं है। छोटी सी बात को मीडिया बेवजह तूल दे रहा है। यह पूछे जाने पर कि प्रधानमंत्री सहित 15 मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के बाद टीम अन्ना अदालत की ओर रुख क्यों नहीं कर रही है, अन्ना ने कहा कि वक्त फैसला सुनाएगा, इन मंत्रियों की मियाद पूरी होगी।

अन्ना हजारे फिलहाल महाराष्ट्र में सशक्त लोकायुक्त विधेयक लाए जाने की जरूरत बताते हुए राज्यव्यापी जनजागरण अभियान में जुटे हुए हैं। उनका महाराष्ट्र दौरा 6 जून को खत्म होगा। इसके बाद अन्ना की अगली रणनीति तय होगी।

First Published: Wednesday, June 6, 2012, 09:52

comments powered by Disqus