Last Updated: Saturday, December 22, 2012, 11:52
ज़ी न्यूज़ ब्यूरोनई दिल्ली : दिल्ली पुलिस के दावे एक बार फिर से फेल हो गए हैं। रेप की राजधानी बन चुकी दिल्ली में महिलाओं की इज्जत सुरक्षित नहीं है। दिल्ली में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दुष्कर्म और दुष्कर्म के प्रयास की तीन वारदातें फिर सामने आई हैं। बीते रविवार को फिजियोथिरेपी स्टूडेंट के साथ चलती बस में गैंगरेप की वारदात की आग अभी शांत भी नहीं हुई कि इन दो और वारदातों से पूरा हिन्दुस्तान सदमें में जी रहा है। राजधानी दिल्ली समेत देश के कोने-कोने में रेप के खिलाफ धरना-प्रदर्शन हो रहे हैं और रेप के दोषियों को फांसी देने की मांग की जा रही है।
उत्तर पूर्वी जिले के वेलकम में हथियार के बल पर तीन बदमाशों ने 40 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। दक्षिण-पश्चिम जिला के बिंदापुर थाना क्षेत्र में दो नाबालिगों ने मेट्रो स्टेशन के नीचे महिला के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। पहली घटना में महिला परिवार के साथ वेलकम स्थित जनता कालोनी में रहती है। बुधवार रात उसके परिजन कहीं गए हुए थे। तीन बदमाश उनके घर में घुस आए और बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने इसके बारे में किसी को बताने पर पीड़ित महिला को जान से मारने की धमकी भी दी। बाद में सभी आरोपी फरार हो गए। परिजनों की शिकायत पर वेलकम थाना पुलिस ने आरोपी गफ्फार व आलम को गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरे की तलाश की जा रही है।
दूसरी घटना उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन के नीचे घटी। 30 वर्षीय महिला रात करीब 11 बजे वहां से गुजर रही थी। दो किशोरों ने उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। महिला ने शोर मचा दिया। उसकी चीख सुन आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और महिला को बदमाशों के चंगुल से छुड़ा दोनों आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
रेप की एक और चौकाने वाली खबर पश्चिमी दिल्ली में एक प्ले स्कूल से आई है। पुलिस के अनुसार गत सोमवार को पश्चिमी दिल्ली के सागरपुर क्षेत्र में स्कूल मालकिन के पति ने तीन साल की बच्ची से कथित तौर पर दुष्कर्म किया। घटना का पता दो दिन बाद चल पाया। घटना के बाद बच्ची बीमार हो गई। उसके परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची से रेप किया गया है। परिजनों की शिकायत पर आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। महिला एवं बाल विकास मंत्री किरण वालिया ने स्थिति की समीक्षा के बाद दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग से कार्रवाई शुरू करने को कहा। आयोग ने पुलिस को सिफारिश की है कि अगले आदेश तक स्कूल को बंद रखा जाए और 24 दिसंबर तक आयोग के समक्ष इस संबंध में रिपोर्ट पेश की जानी चाहिए।
First Published: Saturday, December 22, 2012, 10:44