रेपिस्टों के लिए हो सख्त कानून : केजरीवाल

रेपिस्टों के लिए हो सख्त कानून : केजरीवाल

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (एएपी) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दुष्कर्म रोकने के लिए कठोर कानून एवं दंड के प्रावधान की मांग करते हुए चुनाव में दुष्कर्मियों को टिकट देने के लिए राजनीतिक दलों की आलोचना की।

केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा, "राजनीतिक दल उन लोगों को टिकट दे रहे हैं, जिनके खिलाफ हत्या एवं बलात्कार के मामले दर्ज हैं। यदि उनके विधायक अश्लील फिल्में देखेंगे तो हम उनसे किस प्रकार के न्याय की उम्मीद कर सकते हैं।"

उन्होंने कहा, "सभी लोग जानते हैं कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक विधानसभा में अश्लील फिल्में देखते हुए पकड़े गए थे और समाजवादी पार्टी (सपा) एवं एआईएडीएमके जैसे कई राजनीतिक दल ऐसे विधायकों को टिकट देते हैं।"

केजरीवाल पिछले दिनों 23 वर्षीय युवती के साथ दिल्ली में हुए सामूहिक दुष्कर्म एवं बर्बरता की घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे।

उन्होंने दुष्कर्म से जुड़े मामलों की सुनवाई दो महीने के अंदर पूरी करने की भी मांग की।

एएपी नेता ने कहा, "यह मौत की सजा की बात नहीं है। यह त्वरित एवं सुनिश्चित दंड का मुद्दा है। तभी दुष्कर्म बंद होंगे। दुष्कर्म रोकने के लिए कड़े कानून एवं दंड की आवश्यकता है। इस मामले में हम सब स्तब्ध हैं।" (एजेंसी)

First Published: Friday, December 21, 2012, 23:24

comments powered by Disqus