लश्कर ने तो नहीं कराई लैला खान की हत्या?

लश्कर ने तो नहीं कराई लैला खान की हत्या?

ज़ी न्यूज ब्यूरो
मुंबई : बॉलीवुड अभिनेत्री लैला खान और परिवार के अन्य पांच सदस्यों की हत्या के बाद परवेज टाक नेपाल भागने वाला था। पूछताछ के दौरान लैला के सौतेले पिता परवेज ने मुंबई पुलिस को बताया कि उसने नेपाल भागने के लिए आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा से मदद मांगी थी। परवेज ने कबूल किया कि वह लश्कर ए तैयबा से जुड़ा हुआ है। परवेज ने बताया कि नेपाल में लश्कर के कई सदस्य सक्रिय हैं जो उसे छिपने में मदद करते।

नेपाल भागने की कोशिश के दौरान ही जम्मू कश्मीर पुलिस ने उसे फर्जीवाड़े के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया था। मुंबई पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि अगर परवेज नेपाल भाग जाता और लश्कर की मदद लेता तो उसे पकड़ना मुश्किल हो जाता। नेपाल भागने पर वह भी मोस्ट वांटेड की सूची में शामिल हो जाता। और फिर लैला और उसके परिवार की हत्या का राज कभी सामने नहीं आता।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली हाईकोर्ट परिसर धमाके में जिस कार का इस्तेमाल किया गया था वह जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ से बरामद हुई थी। परवेज और उसके साथियों ने इस कार का इस्तेमाल किया था।

मालूम हो कि लैला के पिता नादिर पटेल ने भी अपनी बेटी के साथ बुरा होने की आशंका जताई थी। नादिर ने बताया था कि लैला के गायब होने के पीछे परवेज टाक और आसिफ शेख का हाथ है। महाराष्ट्र एटीएस के मुताबिक, लैला खान के लश्कर-ए-तैयबा और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से रिश्ते थे। परवेज लश्कर का संदिग्ध आतंकी है।

First Published: Friday, July 13, 2012, 00:07

comments powered by Disqus