लोकसभा में उठा चीनी अतिक्रमण का मुद्दा, हंगामा

लोकसभा में उठा चीनी अतिक्रमण का मुद्दा, हंगामा

लोकसभा में उठा चीनी अतिक्रमण का मुद्दा, हंगामा  नई दिल्ली : भाजपा और सपा ने प्रधानमंत्री के विशेष दूत श्याम शरण की रिपोर्ट में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीन के 640 वर्ग किलोमीटर भारतीय क्षेत्र पर कब्जा करने संबंधी जानकारी को गंभीर मामला करार देते हुए रक्षा मंत्री एके एंटनी से तत्काल स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

इस पर संसदीय कार्य मंत्री कमलनाथ ने कहा कि यशवंत सिन्हा और मुलायम सिंह यादव ने जो विषय उठाया है, वह गंभीर है। यह सरकार न तो कमजोर है और न ही निकम्मी है। बहुत सारी अफवाहें उड़ती है और सरकार का कोई चीज दबाने या छिपाने का लक्ष्य नहीं है। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री एक बजे बयान देंगे। उनके बयान के बाद पूरे सदन को तसल्ली होगी। इससे पहले, भाजपा नेता यशवंत सिन्हा ने कहा कि वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीन के भारत के बड़े भूभाग पर कब्जा करने की खबर आई है।

उन्होने कहा कि संसद अंजान है और सरकार चुप है। हम जानना चाहते हैं कि रक्षा मंत्री कब आएंगे और स्थिति स्पष्ट करेंगे। उन्होंने सदन में गुरुवार रात भी इस विषय को उठाया था। सपा के मुलायम सिंह यादव ने कहा कि महंगाई, अर्थव्यस्था की खस्ता हालत और घोटालों के बावजूद भी अगर सरकार सीमा की सुरक्षा कर पाती तब हम चुप रहते, लेकिन यह सरकार कमजोर है और ऐसी कमजोर सरकार को सत्ता में बने रहने का हक नहीं है।

मुलायम ने कहा कि पिछले 14 वर्षों से मैं इस बात को उठा रहा हूं कि चीन हम पर हमला करेगा। चीन ने नेहरूजी से विश्वासघात किया और इसी सदमें से उनका निधन हो गया। आज एक बार फिर उसने बड़े भूभाग पर कब्जा कर लिया है। सरकार इस पर स्थिति स्पष्ट करे। उन्होंने कहा कि कभी चीन हमारे क्षेत्र में लाल निशान लगा देता है और कभी दूसरी गतिविधि करता है। जब वह रक्षा मंत्री थे तब चीन ने एक किलोमीटर भीतर लाल निशान लगाया था तब भारतीय सेना चार किलोमीटर भीतर लाल निशान लगा आई थी। (एजेंसी)

First Published: Friday, September 6, 2013, 14:02

comments powered by Disqus