Last Updated: Monday, April 8, 2013, 14:41

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस को पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी पर विकिलीक्स के हाल के उस खुलासे का जवाब देना चाहिए, जिसमें कहा गया है कि वर्ष 1970 के दशक में जब स्वीडन की कंपनी भारत को अपने लड़ाकू विमान बेचना चाहती थी तो उन्होंने स्विडिश कंपनी के लिए एक बिचौलिए का काम किया था।
विकिलीक्स की वेबसाइट पर मौजूद अमेरिकी दूतावास से लीक हुए राजनयिक संदेशों में 1970 के दशक के दौरान कथित तौर पर बिचौलिए के रूप में राजीव गांधी का नाम लिया गया है। उस समय वह इंडियन एयरलाइंस में पायलट थे।
एक भारतीय समाचार पत्र ने `किसिंगर संदेशों` के निष्कर्ष प्रकाशित किए हैं, जिसमें दावा किया गया है कि वर्ष 1970 के दशक में जब स्वीडिश कंपनी साब-स्कैनिया अपने विगेन लड़ाकू विमान भारत को बेचने की कोशिश कर रही थी, तो संभवत: राजीव गांधी कम्पनी के लिए बिचौलिए की भूमिका निभा रहे थे।
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, "विकिलीक्स के खुलासे गंभीर हैं। यह हैरान करने वाला खुलासा है। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि खुलासे दो तरह के आरोप लगाते हैं। इसमें दो दिवंगत प्रधानमंत्रियों इंदिरा गांधी और राजीव गांधी पर आरोप लगाए गए हैं।"
जावड़ेकर ने एक समाचार चैनल से कहा, "वे कांग्रेस के प्रथम परिवार से संबंधित हैं। सभी तरह के रक्षा सौदों से संबंधित खुलासे कांग्रेस के प्रथम परिवार से जुड़े हैं। उन्हें इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए और सभी तरह के दस्तावेज सार्वजनिक किए जाने चाहिए। हम चाहते हैं कि इस पर सरकार, कांग्रेस तथा गांधी परिवार स्पष्टीकरण दे।" (एजेंसी)
First Published: Monday, April 8, 2013, 14:41