Last Updated: Saturday, January 28, 2012, 07:48
ज़ी न्यूज ब्यूरो नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए शुक्रवार को जारी किये गए कांग्रेस के 'विजन-2020' को डिवीजन डॉक्यूमेंट बताया है। शनिवार को अपने एक बयान में जेटली ने कहा कि इस डॉक्यूमेंट के माध्यम से कांग्रेस ने यह साबित कर दिया है कि वह समाज को बांटने का काम कर रही है।
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस को चाहिए कि वह इस डॉक्यूमेंट पर फिर से विचार करे और इसे संशोधित करके जनता के सामने रखे। गुजरात में कांग्रेस द्वारा नरेंद्र मोदी की तारीफ किये जाने पर उन्होंने कहा कि सच कभी नहीं छुपता और इससे भाजपा को ही फायदा मिलेगा।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने शुक्रवार को विजन डाक्यूमेंट 2020 जारी किया। इसमें एक तरह से कांग्रेस ने कई चुनावी वायदे किए हैं।
कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के समग्र विकास के दावे के साथ शुक्रवार को अपना विजन डॉक्यूमेंट जारी किया। विजन डॉक्यूमेंट का नाम नव उत्तर प्रदेश-2020 रखा गया है। इसमें अगले पांच साल में 20 लाख नौकरियां देने और नई हरित क्रांति तथा पिछड़े क्षेत्रों के लिए विशेष विकास पैकेज की बात कही गई है।
First Published: Saturday, January 28, 2012, 20:01