विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के पिता एवं पूर्व केंद्रीय खुर्शीद अहमद खान का निधन

विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के पिता एवं पूर्व केंद्रीय खुर्शीद अहमद खान का निधन

नई दिल्ली : विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के पिता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री खुर्शीद अहमद खान का आज सुबह यहां के एक अस्पताल में निधन हो गया। हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित खान 95 वर्ष के थे। उनके निधन पर शोक प्रकट करते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि देश ने सच्चे सपूत और राष्ट्र की सेवा करने वाले को खो दिया। खुर्शीद के करीबी सूत्रों ने बताया कि सीने में दर्द की शिकायक के बाद खान को पांच.छह दिन पहले एस्कॉर्ट हार्ट हास्पिटल में भर्ती कराया गया था।

अस्पताल के हृदय विज्ञान विभाग के कार्यकारी निदेशक डा टी एस क्लेर ने बताया कि खान को बुखार और सीने में संक्रमण की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती किया गया था। उन्होंने कहा, लेकिन उन्हें पहले से एओर्टिक स्टेनोसिस (एएस) की गंभीर समस्या थी जो हृदय के वाल्व से जुड़ी होती है। उन्होंने तड़के तीन बजे अंतिम सांस ली। प्रधानमंत्री ने कहा कि खान ने जीवन भर विभिन्न पदों पर कुशलता से देश की सेवा की। उनका निधन अपूरणीय क्षति है।

प्रधानमंत्री ने कहा, भारत की विदेश नीति, शिक्षा प्रणाली और विधायी मामलों में उनका योगदान देश की आधुनिक, उदारवादी और लोकतांत्रिक राजनीति की दिशा में अहम रहा है। उन्होंने कहा, राष्ट्र के लिए उनकी प्रतिबद्धता हमारे संविधान और भारत के विचार के बारे में हमारे जनकों से जुड़े मूल्यों में गहराई से निहित थी। खान 1991 से 1999 तक कर्नाटक के राज्यपाल और 1989 से 1991 तक गोवा के राज्यपाल रहे। इससे पहले उन्होंने विदेश मंत्री के रूप में भी काम किया। (एजेंसी)

First Published: Saturday, July 20, 2013, 15:48

comments powered by Disqus