Last Updated: Wednesday, September 18, 2013, 23:48
नई दिल्ली : दो समाचार चैनलों द्वारा प्रसारित चुनावी सर्वेक्षणों के नतीजों के अनुसार इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में भाजपा फिर से सत्ता में आ सकती है वहीं राजस्थान में वह कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर सकती है।
हालांकि सर्वे में दिल्ली में त्रिशंकु विधानसभा के आसार जताये गये हैं जहां भाजपा को कांग्रेस से अधिक सीटें मिल सकती हैं। अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी द्वारा सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाने की संभावना जताई गयी है।
टाइम्स नाउ और हैडलाइन्ड टुडे ने दावा किया है कि शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश में तीसरी बार सत्ता पर काबिज होंगे और भाजपा को 230 में से 130 सीटें मिलने की संभावना जताई गयी है। हालांकि 2008 के चुनावों की तुलना में भाजपा की सीटों में 13 सीटें कम होने का आकलन है वहीं कांग्रेस की 13 सीटें बढ़ सकती हैं।
दिल्ली में कुल 70 विधानसभा सीटों में दोनों सर्वे में कांग्रेस को क्रमश: 29 और 28 सीटें मिलने का पूर्वानुमान जताया गया है। भाजपा को 30 और 28 तथा आप को नौ और सात सीटें मिलने की भविष्यवाणी की गयी है। राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार को हार का सामना करना पड़ सकता है और उनकी पार्टी को 200 सीटों में से दोनों सर्वे में क्रमश: 79 तथा 64 सीटें मिलने की बात कही गयी है। भाजपा को वहीं 97 और 118 सीटें मिलने की संभावना है।
सर्वेक्षणों के अनुसार छत्तीसगढ़ में रमन सिंह 90 विधानसभाओं में से 47 पर जीत के साथ फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे। फिलहाल विधानसभा में भाजपा की 50 सीटें हैं। कांग्रेस को दो सीटों के फायदे के साथ 40 सीटें मिलने का पूर्वानुमान है। दिल्ली में मुख्यमंत्री के तौर पर लोगों ने शीला दीक्षित को सर्वाधिक लोकप्रिय उम्मीदवार बताया। टाइम्स नाउ के सर्वे में 37 प्रतिशत लोगों ने दीक्षित को अपनी पसंद बताया वहीं हैडलाइन्स टुडे के आंकलन में 40 प्रतिशत लोग उनके साथ थे।
केजरीवाल को जहां क्रमश: 22 और 17 प्रतिशत लोगों ने अपनी पसंद बताया वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल केवल 12 और 18 प्रतिशत लोगों की राय में मुख्यमंत्री पद के लिए सही हैं। टाइम्स नाउ के सर्वेक्षण में नरेंद्र मोदी को देश के प्रधानमंत्री पद के लिए सबसे अधिक पसंदीदा नेता बताया गया है। वह इस मामले में राहुल गांधी और मनमोहन सिंह से काफी आगे हैं। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, September 18, 2013, 23:09