विपक्षी प्रोपेगंडा पर चुप नहीं रहें, उसकी काट ढूंढे: राहुल

विपक्षी प्रोपेगंडा पर चुप नहीं रहें, उसकी काट ढूंढे: राहुल

नई दिल्ली : नरेन्द्र मोदी के अधिकाधिक आक्रामक होने के बीच कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के मीडिया प्रबंधकों से कहा कि वे विपक्ष के प्रोपेगंडा पर ‘चुप नहीं रहें’ और उसकी काट ‘ठोस तथ्यों’ से करें।

राहुल ने जोर दिया कि किसी मुद्दे पर जिला कांग्रेस से एआईसीसी स्तर तक पार्टी नेताओं के जवाब में समानता होनी चाहिए। उन्होंने राज्यों और केन्द्र शासित राज्यों के 32 मीडिया प्रमुखों को संबोधित करते हुए कहा कि अब पार्टी में कार्यप्रदर्शन आकलन तंत्र है और इस लिए नतीजे दिखाने वाले लोगों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने जवाहर भवन में प्रदेश मीडिया प्रमुखों को संबोधित किया जहां पार्टी ने सोशल मीडिया पर एक दिन की कार्यशाला आयोजित की । यह अपने किस्म की पहली कार्यशाला थी जिसमें प्रवक्ताओं को ट्वीटर, फेसबुक और अन्य इंटरऐक्टिव इंटरनेट साइट पर प्रशिक्षण दिया गया।

केन्द्रीय मंत्री मनीष तिवारी और शशि थरूर, एआईसीसी मीडिया विभाग प्रमुख अजय माकन और पार्टी सांसद दीपेन्दर हुड्डा ने देश भर से जमा हुए पार्टी के मीडिया रणनीतिकारों को अलग अलग सत्रों में संबोधित किया।

राहुल ने सोशल मीडिया पर सत्र को संबोधित नहीं किया और प्रदेश मीडिया विभाग प्रमुखों के साथ उनके संवाद को अंत तक गुप्त रखा गया। संवाद के दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष ने पार्टी नेताओं से कहा कि उन्हें ‘विपक्ष के झूठ और दुष्प्रचार’ का जवाब उसी तरीके से देने की जरूरत नहीं है।

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि पार्टीजन के काम का अब उचित तरीके से आकलन किया जा रहा है और इसलिए कार्यप्रदर्शन नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। अब यह कोई चार-पांच नेता नहीं हैं जो हर कुछ का फैसला करेंगे। ‘यह कार्यप्रदर्शन है जो मायने रखता है।’ एक सत्र को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने राज्यों से आए कांग्रेसजन से किसी टेलीविजन चर्चा में हिस्सा लेते हुए ‘क्या करें, क्या नहीं करें’ के बारे में बताया।

कार्यशाला में 300 लोगों ने हिस्सा लिया जिनमें प्रत्येक राज्य से आए पांच पांच प्रतिनिधि भी शामिल थे। इसे संबोधित करने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों को बुलाया गया था। कार्यशाला की शुरूआत में पार्टी के युवा सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने भाजपा और उसके नेता नरेन्द्र मोदी पर आधा सच और झूठी अफवाह फैलाने के लिए वैतनिक पेशेवरों के इस्तेमाल का आरोप लगाया। (एजेंसी)




First Published: Thursday, August 22, 2013, 22:53

comments powered by Disqus