विवाद पर बोले शाहरुख- भारतीय होने पर गर्व है

विवाद पर बोले शाहरुख- भारतीय होने पर गर्व है

विवाद पर बोले शाहरुख- भारतीय होने पर गर्व हैज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी

मुंबई : बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की सुरक्षा के मुद्दे पर भारत और पाकिस्तान के बीच पैदा हुई तकरार के बीच मंगलवार को इस अभिनेता ने कहा कि यह बड़े दुख की बात है कि उनके एक आलेख की बातों ने एक अनचाहा मोड़ ले लिया और उन्हें अब अपनी देशभक्ति साबित करनी पड़ रही है।

अपने विवादित बयान पर सफाई देते हुए काफी भावुक नजर आ रहे शाहरुख ने कहा, ‘मुझे तो इस विवाद का आधार ही समझ नहीं आ रहा।’

गौरतलब है कि शाहरुख ने बीते दिनों एक साप्ताहिक अंग्रेजी पत्रिका में आलेख लिखा था जिस पर काफी विवाद पैदा हो गया।

पाकिस्तान के गृह मंत्री रहमान मलिक ने इस मामले में दखलंदाजी करते हुए कहा था कि भारत को शाहरुख की सुरक्षा का ख्याल रखना चाहिए। मलिक के इस बयान पर भारत की सरकार के साथ-साथ राजनीतिक तबके ने यह कहते हुए कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की कि बेहतर होगा कि पाकिस्तान अपने नागरिकों की सुरक्षा की ज्यादा फिक्र करे।

शाहरुख ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लोग बिना पढ़े ही उनके आलेख पर प्रतिक्रिया जाहिर कर रहे हैं।

बॉलीवुड अभिनेता ने आलेख में लिखा था कि वह कभी-कभी ऐसे राजनेताओं का निशाना बन जाते हैं जो उन्हें गलत और देशद्रोही भारतीय मुसलमानों का प्रतीक बनाने लगते हैं।

मलिक के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए शाहरुख ने कहा,‘मैं बिन मांगे ही सलाह देने वाले उन सभी लोगों से यह कहना चाहूंगा कि हम भारत में बहुत महफूज और खुश हैं।’

शाहरुख ने कहा कि उन्हें भारतीय होने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में बेवजह विवाद खड़ा किया जा रहा है।

एक संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए शाहरुख ने कहा कि उन्हें अपने माता-पिता से बहुत प्यार है।

अभिनेता ने कहा,‘यहां के लोगों ने मुझे बेइंतहा प्यार दिया है। भारत एक लोकतांत्रिक एवं धर्मनिरपेक्ष देश है। यहां हर कोई सुरक्षित है।’

उन्होंने कहा,‘मैंने कभी नहीं लिखा कि मैं असुरक्षित महसूस करता हूं। कई लोगों ने मेरा लेख पढ़ा भी नहीं है। भारत में सभी सुरक्षित हैं।’

अभिनेता ने कहा कि वह अपने बच्चों को बताते हैं कि उनका धर्म इंसानियत है।

First Published: Wednesday, January 30, 2013, 00:19

comments powered by Disqus