विवि से संबद्ध कॉलेजों की संख्या 200 करने का प्रस्ताव

विवि से संबद्ध कॉलेजों की संख्या 200 करने का प्रस्ताव

नई दिल्ली : देश के विभिन्न राज्यों में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए शुरू राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत अब एक विश्वविद्यालय से संबद्धता प्राप्त करने वाले कालेजों की अधिकतम संख्या 200 तय करने का प्रस्ताव किया गया है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, देश के कई राज्यों में विश्वविद्यालयों से संबद्धता प्राप्त करने वाले कालेजों की संख्या काफी अधिक होने के मद्देनजर यह प्रस्ताव किया गया है।

मसलन, ओस्मानिया विश्वविद्यालय, हैदराबाद से संबद्धता प्राप्त करने वाले कालेजों की संख्या 901 है जबकि पुणे विश्वविद्यालय से संबद्धता प्राप्त करने वाले कालेजों की संख्या 811, मुम्बई विश्वविद्यालय से संबद्ध कालेजों की संख्या 711, राजस्थान विश्वविद्यालय से संबद्ध कालेजों की संख्या 735 है, टी एम विश्वविद्यालय नागपुर से संबद्ध कालेजों की संख्या करीब 800 होने की खबर है।

मंत्रालय के अनुसार, राज्य विश्वविद्यालय से संबद्ध कालेजों का राष्ट्रीय औसत 300 है। इसी को ध्यान में रखते हुए एक विश्वविद्यालय से संबद्धता प्राप्त करने वाले कालेजों की अधिकतम संख्या 200 तय करने का प्रस्ताव किया गया है ताकि शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर किया जा सके। कल प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने लाल किले की प्राचीर से देश में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की जरूरत बतायी थी।

राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत अगले एक दशक में सकल नामांकन दर को 32 प्रतिशत करने के लक्ष्य के तहत 12वीं एवं 13वीं पंचयवर्षीय योजना में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) पर अमल किया जायेगा। मानव संसाधन विकास मंत्रालय में उच्च शिक्षा सचिव अशोक ठाकुर ने कहा कि देश के अनेक क्षेत्रों में कई वर्गों की ओर से उच्च शिक्षा की गुणवत्ता के बारे में चिंता व्यक्त की गई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय उच्चतम शिक्षा अभियान तैयार किया गया है। (एजेंसी)

First Published: Friday, August 16, 2013, 14:43

comments powered by Disqus