विशेष विमान से स्वदेश लौटेंगे इटली के नौसैनिक

विशेष विमान से स्वदेश लौटेंगे इटली के नौसैनिक

कोच्चि: इटली के दो नौसैनिकों को क्रिसमस पर स्वदेश ले जाने के लिए शुक्रवार सुबह यहां एक विशेष विमान उतरा। केरल उच्च न्यायालय ने दोनों नौसैनिकों को त्योहार पर स्वदेश जाने की अनुमति दे दी है। कोच्चि हवाई अड्डे के सूत्रों ने कहा कि विशेष विमान ने शुक्रवार देर शाम उड़ान भरने की अनुमति मांगी है। इटली के राजनयिक और अधिकारी इस बात को लेकर सुनिश्चित हैं कि वे केरल उच्च न्यायालय के दिशानिर्देशों का पालन करने में सक्षम होंगे।

केरल उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को आदेश दिया था कि फरवरी में केरल तट से लगे समुद्र में दो भारतीय मछुआरों की हत्या के आरोपी इटली के दोनों नौसैनिक क्रिसमस पर स्वदेश जा सकते हैं। लेकिन न्यायालय ने इसके साथ शर्ते भी जोड़ दी है : नौसैनिक जा सकते हैं, लेकिन उन्हें 10 जनवरी, 2013 को अपराह्न् तीन बजे तक वापस कोच्चि लौटना होगा। इसके अलावा छह करोड़ रुपये की एक बैंक गारंटी भी देनी होगी।

न्यायालय ने आदेश में कहा है कि सरकार को क्रिसमस पर उन्हें इटली जाने देने के लिए राजी हो जाना चाहिए और यह सुनिश्चित कर लेना चाहिए कि इटली सरकार, भारत में मुकदमे के लिए दोनों को यहां वापस भेजने के लिए तैयार हो।

इस बीच केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी.एस. अच्युतानंदन ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला किया और कहा कि राज्य सरकार को उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ अपील करनी चाहिए।

लेटोरे मेस्सिमिलानो और सेल्वाटोरे जिरोने इस मामले में जमानत मिलने के बाद से कोच्चि स्थित एक होटल में ठहरे हुए हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, December 21, 2012, 17:31

comments powered by Disqus