विश्वास बहाली: भारत को चीन को नया सुझाव - Zee News हिंदी

विश्वास बहाली: भारत को चीन को नया सुझाव

 

नई दिल्ली : भारत ने चीन से लगने वाली सीमा के उत्तराखंड-हिमाचल प्रदेश वाले क्षेत्र में एक नया सीमा अधिकारी बैठक (बीपीएम) स्थल स्थापित करने की पेशकश की है। यह पेशकश दोनों देशों के बीच विश्वास बहाली उपायों के तहत की गई है। सूत्रों ने यहां बताया कि दोनों देशों के बीच इस माह के शुरू में वाषिर्क रक्षा वार्ता (एडीडी) के चौथे दौर में यह पेशकश चीनी पक्ष को सौंपी गई।

 

अभी तक दोनों पक्षों के बीच ऐसे तीन स्थलों पर नियमित अंतराल के बाद बैठक हो चुकी है। इनमें अरूणाचल प्रदेश का किबिथु, सिक्किम का नाथू ला और जम्मू कश्मीर में लद्दाख शामिल हैं। सूत्रों ने कहा कि भारतीय पक्ष को इस तरह की सुविधा की जरूरत इसलिए महसूस हुई क्योंकि दोनों देशों के बीच 4057 किमी लंबी वास्तविक नियंत्रण रेखा के मध्य क्षेत्र में ऐसा कोई स्थल नहीं है। उन्होंने कहा कि रक्षा सचिव शशिकांत शर्मा के नेतृत्व में भारतीय पक्ष की इस पेशकश पर चीनी पक्ष अभी विचार कर रहा है।

 

वास्तविक नियंत्रण रेखा को मोटे तौर पर तीन क्षेत्रों में बांटा जाता है। इनमें पश्चिम में लद्दाख, मध्य में उत्तराखंड एवं हिमाचल प्रदेश तथा पूर्व में अरूणाचल प्रदेश शामिल है। बैठक में भारत और चीन ने आपसी समझ और परस्पर विश्वास को बढ़ाने के लिए रक्षा आदान प्रदान और संवाद में बढोतरी करने पर सहमति जताई।

(एजेंसी)

First Published: Monday, December 26, 2011, 20:28

comments powered by Disqus