वेंकैया ने भाजपा में असंतोष को खारिज किया

वेंकैया ने भाजपा में असंतोष को खारिज किया

बेंगलुरु : प्रधानमंत्री पद को लेकर भाजपा में असंतोष की रिपोर्ट को खारिज करते हुए वरिष्ठ नेता एम वेंकैया नायडू ने आज कहा कि उनकी पार्टी ‘उचित समय’ पर अपने विकल्प की घोषणा करेगी। प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के मुद्दे पर भाजपा में उठ रहे विभिन्न स्वरों खासकर पार्टी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा द्वारा लालकृष्ण आडवाणी के बारे में विचार व्यक्त किए जाने के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए नायडू ने कहा कि पार्टी एकजुट है।

उन्होंने हालांकि कहा कि कांग्रेस गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनाव प्रचार समिति का प्रमुख बनाए जाने से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी मोदी और भाजपा के खिलाफ ‘निराधार’ आरोप लगा रही है और ‘मिथ्या आरोपों का अभियान’ चला रही है तथा इसका कांग्रेस पर इसका उलटा असर होगा।

गैर तेलंगाना क्षेत्रों के कर्मचारियों के संबंध में टीआरएस प्रमुख के चंद्रशेखर राव के बयान की आलोचना करते हुए नायडू ने कहा कि ऐसे बयान की कोई आवश्यकता नहीं है क्योंकि इससे लोगों में भ्रम और अविश्वास पैदा होगा। उन्होंने कहा, ‘विभाजन की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुयी है। ऐसे में इस प्रकार के बयान की कोई जरूरत नहीं है। इससे अलग राज्य के मुद्दे को बल नहीं मिलेगा।’

राव ने कथित तौर पर कहा था कि रायलसीमा और तटीय आंध्र के गैर तेलंगाना सरकारी कर्मचारियों को अपने क्षेत्रों में वापस लौट जाना चाहिए। नायडू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘अपरिपक्व तरीके’ से व्यवहार कर रही है और आंध्र प्रदेश में स्थिति से निपटने के लिए उसने पर्याप्त तैयारियां नहीं की है।

लोकसभा चुनावों में कर्नाटक में गठबंधन की संभावना के बारे में उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर जरूरत होने पर विचार करेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों के पहले और बाद में देश भर में पार्टियों का गठबंधन होगा। नायडू ने कहा कि सीबीआई को स्वायत्तता दिए जाने के मुद्दे पर उच्चतम न्यायालय में सरकार के रूख से स्पष्ट होता है कि वह एजेंसी को अपने राजनीतिक नियंत्रण में रखना चाहती है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, August 3, 2013, 20:47

comments powered by Disqus