Last Updated: Tuesday, November 6, 2012, 19:02

पटना : पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा के निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका को पटना उच्च न्यायालय ने आज खारिज कर दिया। न्यायमूर्ति वीएन सिन्हा ने एक निर्दलीय उम्मीदवार घनश्याम लाल जमुआर की चुनौती याचिका को उपयुक्त नहीं पाते हुए खारिज कर दिया। जमुआर ने 2009 में हुए पटनासाहिब लोकसभा चुनाव प्रक्रिया को रद्द करने की मांग की थी।
जमुआर ने अपनी याचिका में कहा था कि केवल मामूली आधार पर गलत तरीके से उनका नामांकन का पर्चा खारिज कर दिया गया था। उनका नामांकन पत्र सही था। इसलिए लोकसभा चुनाव क्षेत्र की सारी प्रक्रिया नयी सिरे से कराई जाए। न्यायमूर्ति सिन्हा ने याचिका को बेबुनियाद करार देते हुए इसे खारिज कर दिया। अभिनेता सह भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने 2009 में करीब तीन लाख मतों के अंतर से अपने प्रतिद्वंद्वी और राजद के उम्मीदवार को पराजित किया था। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, November 6, 2012, 19:02