शांति सेना में भारत के 7,099 सैनिक - Zee News हिंदी

शांति सेना में भारत के 7,099 सैनिक

नई दिल्ली: सरकार ने आज बताया कि अभी विभिन्न देशों में संयुक्त राष्ट्र शांति सेना के रूप में 7,099 भारतीय सैनिक तैनात हैं।

 

लोकसभा में जय प्रकाश अग्रवाल के प्रश्न के लिखित उत्तर में ए के एंटनी ने कहा कि पिछले तीन वषरे में भारतीय सेना सात इलाकों में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन पर तैनात है जिसमें कांगो, लेबनान, दक्षिण सूडान, गोलन हाईट्स, यू एन आई एस एफ ए, आइवरी कोस्ट और पूर्वी तिमोर शामिल हैं।

 

कांगो में 3,770 सैनिक, लेबनान में 900 सैनिक, दक्षिणी सूडान में 2,227 सैनिक, गोलन हाईट्स में 190 सैनिक, यू एन आई एफ ए में दो सैनिक, आइवरी कोस्ट में नौ सैनिक और पूर्वी तिमोर में एक सैनिक तैनात हैं।

 

मंत्री ने कहा कि पिछले तीन साल में शांति मिशन के दौरान 10 भारतीय सैनिक शहीद हुए हैं जिसमें कांगो में सात, सूडान में दो और लेबनान में एक सैनिक हैं। इन मिशनों में शहीद सैनिकों के आश्रितों को 70 हजार अमेरिकी डालर की राशि प्रदान की जाती है।  (एजेंसी)

First Published: Monday, May 14, 2012, 13:31

comments powered by Disqus