शांतिरक्षकों की हत्या पर पीएम ने शोक जताया

शांतिरक्षकों की हत्या पर पीएम ने शोक जताया

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र शांति अभियान के दौरान भारत के 5 सैन्यकर्मियों की हत्या पर गहरा दुख जताया है। पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपने शोक संदेश में मनमोहन ने कहा, ‘मैं अपने बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।’

गौरतलब है कि दक्षिण सूडान में जोंगलेई के गुरमुक में मंगलवार को एक संयुक्त राष्ट्र शांति अभियान के दौरान भारतीय सैनिकों के 32 सदस्यीय काफिले पर हमला किया गया। इस हमले में भारतीय सेना के एक लेफ्टिनेंट कर्नल सहित पांच सैन्यकर्मी शहीद हो गए। हमले में 4 अन्य लोग भी घायल हुए हैं। यहां 2 बटालियनों में भारत के लगभग 2200 सैनिक तैनात हैं। इनमें से एक बटालयिन जोंगलेई और अन्य बटालियन सूडान की सीमा से लगे मलाक्कल में तैनात है।

जुलाई 2011 में स्वतंत्र होने के बाद से दक्षिण सूडान में नस्ली हिंसा जारी है। यहां की पिबोर काउंटी में सबसे अधिक हिंसा होती है। यह संयुक्त राष्ट्र शांति सेना का मुख्य गढ़ है। इस सेना में काफी बड़ी संख्या में भारतीय सैनिक भी हैं। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, April 10, 2013, 13:06

comments powered by Disqus