`शिंदे के बयान पर अनावश्यक प्रतिक्रिया ठीक नहीं`

`शिंदे के बयान पर अनावश्यक प्रतिक्रिया ठीक नहीं`

रांची : केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डा. एमएम पल्लम राजू ने आज यहां केन्द्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिन्दे के आरएसएस और भाजपा पर हिंदू आतंकवादियों को प्रशिक्षण देने के बारे में दिये बयान का समर्थन किया और उनके इस बयान पर अनावश्यक प्रतिक्रिया न करने की सलाह दी।

रांची विश्वविद्यालय के 27वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने यहां आये केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डा. एमएम पल्लम राजू ने समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह विचार व्यक्त किये।

पल्लम राजू ने स्पष्ट कहा, ‘‘अपना देश धर्मनिरपेक्ष देश है। यहां किसी भी रूप में अतिवाद होने पर उसकी आलोचना की जानी चाहिए, यह सबका कत्र्तव्य है।’’ राजू ने कहा, ‘‘वह हिंदू कट्टरवाद हो अथवा मुस्लिम कट्टरवाद हो उसे किसी भी हाल में हतोत्साहित किया जाना चाहिए।’’

डा. एमएम पल्लम राजू ने कहा, ‘‘शिंदे ने हिंदू कट्टरवाद को हतोत्साहित करने के लिए ही कथित बयान दिया है लिहाजा उक्त बयान पर अनावश्यक प्रतिक्रिया करने की आवश्यकता नहीं है।’’ यह पूछे जाने पर कि शिंदे ने कांग्रेस के जयपुर चिंतन शिविर में यहां तक कहा था कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और भाजपा आतंकवादियों के लिए प्रशिक्षण शिविर चलाते हैं, पल्लम राजू ने कहा, ‘‘शिंदे देश के गृहमंत्री हैं। शायद उनके पास इस संबन्ध में सूचना है ऐसे प्रशिक्षण शिविरों के बारे में, अत: हम सभी को इसे हर कीमत पर हतोत्साहित करना चाहिए।’’ उन्होंने दोहराया कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और उसे इस प्रवृत्ति और काम को हतोत्साहित करना होगा। इसे किसी भी हाल में बढ़ावा नहीं दिया जा सकता है।

इससे पहले पल्लम राजू ने आज यहां रांची विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 38 मेधावी छात्रों को स्वर्ण पदक प्रदान किये और अन्य 163 विद्यावारिधि की उपाधियां वितरित कीं। (एजेंसी)

First Published: Saturday, February 2, 2013, 17:52

comments powered by Disqus