शीतलहर और कोहरे ने बरपाया कहर - Zee News हिंदी

शीतलहर और कोहरे ने बरपाया कहर

ज़ी न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली : पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड और सर्द हवाओं की चपेट में है। इस बार की सर्दी लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। बुधवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के कई इलाके कोहरे की घनी चादर में लिपटे रहे। कोहरे की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर 21 फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं। वहीं एक दर्जन विमान देर से रवाना हुए। कोहरा इतना ज्यादा था कि एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम थी।

 

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में यह अंतर और कम होगा, क्योंकि ठंडी हवाएं और रफ्तार पकड़ेंगी। दक्षिण भारत में भी सर्दी ने 100 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। आंध्र प्रदेश में ठंड से मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पूरे देश में रेल और हवाई सेवा पर मौसम का भारी असर देखा जा रहा है।

 

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पारा इस दौरान अधिकतम 14 डिग्री और न्यूनतम 9.3 डिग्री रहा। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच सिर्फ 5 डिग्री का फर्क था। मौसम विभाग के एक वैज्ञानिक के मुताबिक ऐसा करीब 70 साल बाद देखा गया है। उनका कहना है कि अगले दो-तीन दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है। यह गिरावट दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक हो सकती है, क्योंकि पहाड़ों में अगले दो दिन और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा और इसके बाद उधर से होकर आने वाली ठंडी हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी। दूसरी ओर पहाड़ों में बर्फबारी का दौर अगले 48 घंटों तक जारी रहने का पूर्वानुमान है।

 

जबरदस्त बर्फबारी की वजह से जम्मू-कश्मीर कांप रहा है। मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। हाल ये है कि जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर गाड़ियों की जगह बर्फ का कब्जा है। कश्मीर में ठंड का कहर जारी है। मंगलवार को कई जगहों पर हिमस्खलन होने से हाईवे को खोलने के काम को धक्का लगा। मालूम हो कि इस साल उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। कश्मीर में तापमान - 8 डिग्री से 2 डिग्री के बीच है। पंजाब में पारा 10 डिग्री के आसपास है। यूपी के अलग-अलग इलाकों में तापमान 7 से 15 डिग्री के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक मौसम खराब रहेगा। पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाओं के असर से पूरा उत्तर भारत ठिठुरता रहेगा।

First Published: Wednesday, January 18, 2012, 15:56

comments powered by Disqus