शीला के आवास तक जाने से केजरीवाल समर्थकों को रोका

शीला के आवास तक जाने से केजरीवाल समर्थकों को रोका

शीला के आवास तक जाने से केजरीवाल समर्थकों को रोकानई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के आवास तक जाने से पुलिस ने सोमवार को रोक दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं का दावा है कि बिजली बिल नहीं भरने के लिए दिल्लीवासियों से उन्हें आठ लाख पत्र प्राप्त हुए जिसे वे मुख्यमंत्री को सौंपना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें उनके आवास पर जाने ही नहीं दिया।

सुंदरनगरी से कार्यकर्ता ऑटोरिक्शा से मोतीलाल नेहरू मार्ग पर दीक्षित के आवास की ओर निकले। सुंदरनगरी में ही बिजली और पानी के बढ़े हुए बिल के खिलाफ आप के नेता अरविंद केजरीवाल दस दिनों से अनशन कर रहे हैं। पार्टी के नेता मनीष सिसौदिया की अगुवाई में कार्यकर्ताओं को प्रगति मैदान के नजदीक भैरो रोड पर रोक दिया गया और उनसे कहा गया कि सभी लोग मुख्यमंत्री आवास पर नहीं जा सकते।

बाद में आप नेताओं ने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच समझौता हुआ कि कार्यकर्ताओं को चार बसों में आवास तक ले जाया जाएगा लेकिन पुलिस अपने वादे से मुकर गई। सिसौदिया ने कहा कि हमें बताया गया कि दीक्षित के आवास तक पुलिस बसों में ले जाया जाएगा। हम राजी हो गए लेकिन बीच रास्ते में ही रोककर हमसे कहा कि हम आपको केवल जंतर मंतर ले जा सकते हैं। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारे लगाए।

सिसौदिया ने आरोप लगाया कि पार्टी के कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया लेकिन पुलिस ने इससे इंकार किया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली बार वे आठ लाख लोगों के साथ आएंगे, जो खुद ही अपना पत्र मुख्यमंत्री को सौंपेंगे। (एजेंसी)

First Published: Monday, April 1, 2013, 17:51

comments powered by Disqus