श्रीलंका की गिरफ्त में 53 भारतीय मछुआरे, राजनयिक तलब

श्रीलंका की गिरफ्त में 53 भारतीय मछुआरे, राजनयिक तलब

कोलंबो/नई दिल्ली : श्रीलंका की नौसेना ने बीते 24 घंटों के दौरान कुल 53 भारतीय मछुआरों को अपने जलक्षेत्र में कथित तौर पर दाखिल होने के मामले में गिरफ्तार किया है। इसको लेकर भारत सरकार ने आज दिल्ली में श्रीलंका के उप उच्चायुक्त को तलब किया।

जाफना जिले में डेल्फ के निकट आज 34 भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी की गई। श्रीलंका की नौसेना ने कहा है कि श्रीलंकाई जलक्षेत्र में दाखिल होने के लिए इन मछुआरों को स्थानीय पुलिस के हवाले किया जाएगा।

श्रीलंकाई नौसेना ने कल 19 मछुआरों को गिरफ्तार किया था। इन मछुआरों की गिरफ्तारी मन्नार तट के निकट की गई थी। इन मछुआरों को तलैमनार पुलिस के हवाले किया गया है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। इस मामले पर दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने श्रीलंका के उप उच्चायुक्त को तलब किया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरूद्दीन ने बताया कि श्रीलंकाई उप उच्चायुक्त से कहा गया है कि भारतीय मछुआरों के साथ मानवीय ढंग से व्यवहार किया जाए और श्रीलंकाई नौसेना को उनके खिलाफ कार्रवाई करने में संयम बरतना चाहिए। उन्होंने कहा कि उप उच्चायुक्त से यह भी कहा गया कि श्रीलंका को भारतीय मछुआरों की शीघ्र वापसी सुनिश्चित करनी चाहिए। (एजेंसी)

First Published: Thursday, March 14, 2013, 19:37

comments powered by Disqus