Last Updated: Wednesday, July 3, 2013, 14:08
चेन्नई : श्रीलंकाई नौसेना द्वारा हाल में गिरफ्तार किए गए 49 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया गया है और वे एक-दो दिन में घर पहुंच जाएंगे। तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को यहां बताया कि 24 मछुआरों को कल श्रीलंका की अनुराधापुरम स्थित जेल से रिहा किया गया और 25 अन्य को आज जफना से रिहा किया गया।
मुख्यमंत्री जयललिता के निर्देश पर राज्य सरकार के अधिकारियों द्वारा मामला श्रीलंका स्थित भारतीय दूतावास के समक्ष उठाए जाने के बाद इन मछुआरों की रिहाई हुई है। यहां एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि रिहा मछुआरे एक-दो दिन में घर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पत्र लिखकर गिरफ्तार मछुआरों की न सिर्फ रिहाई की मांग की थी, बल्कि श्रीलंका के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराने की भी मांग की थी।
इन मछुआरों को दो अलग-अलग घटनाओं में पाक जलडमरूमध्य के नजदीक पांच जून को उस समय गिरफ्तार किया गया था जब वे मछली पकड़ रहे थे। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, July 3, 2013, 14:08