Last Updated: Monday, September 16, 2013, 11:43

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के 63वें जन्मदिन से पूर्व इलाहाबाद के एक युवा शिल्पकार ने सोमवार को संगम तट पर उनकी रेत की कलाकृति बनाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। शिल्पकार ने मोदी को भगवान ब्रह्मा, विष्णु और महेश (शिव) के रूप में पेश करके `आज का लौहपुरुष` बताया है। इलाहाबाद के युवा शिल्पकार राज कपूर चितेरा ने संगम तट पर मोदी की करीब 12 फिट ऊंची रेत की एक कलाकृति बनाई है, जिसमें उनके तीन सिर हैं। मूर्ति में मोदी को ब्रह्मा ,विष्णु और महेश के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
चितेरा ने कहा, `मैंने रेत की कलाकृति बनाकर मोदी को जन्मदिन की बधाई देने की कोशिश की है। हिंदू धर्म में ब्रह्मा, विष्णु और महेश को सृष्टि का कर्ता-धर्ता माना जाता है। मैंने मोदी को ब्रह्मा, विष्णु और महेश की तरह पेश करके अपनी भावना व्यक्त करने की कोशिश की है कि अब विकास पुरुष के नाम से दुनियाभर में विख्यात मोदी भारत के नवनिर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करके देश को समृद्धि के मार्ग पर ले जाएं।
उन्होंने कहा कि जिस तरह मोदी ने तमाम चुनौतियों का सामना करते हुए गुजरात का विकास कर इसे देश का नंबर एक राज्य बनाया है। उससे देश के युवाओं को उम्मीद बंधी कि मोदी प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत को भी बुलदियों पर ले जाएंगे। वह सही मायने में आज के लौहपुरुष हैं।
चितेरा को 12 फिट ऊंची और करीब पांच फिट चौड़ी मोदी की कलाकृति बनाने में करीब पांच घंटे का समय लगा। इस दौरान वहां शहर के तमाम युवा एकत्रित थे। उन सभी ने मोदी के दीर्घायु होने की कामना की। (एजेंसी)
First Published: Monday, September 16, 2013, 11:43