Last Updated: Wednesday, June 6, 2012, 10:34

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्य समिति से संजय जोशी से जबरन इस्तीफा लिए जाने करीब 10 दिन बाद मंगलवार को जारी एक पोस्टर में इसके लिए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाया गया है। पोस्टर में हालांकि मोदी का नाम नहीं लिया गया है, लेकिन इसमें कहा गया है कि `एक नेता` के अड़ियल रुख के कारण जोशी से इस्तीफा देने के लिए कहा गया।
स्पष्ट तौर पर इशारा मोदी की ओर किया गया है। पिछले महीने मुम्बई में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में मोदी तभी शामिल हुए जब जोशी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी के कहने पर इसकी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
एक पोस्टर भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय के बाहर चिपकाया गया था, जिसे तुरंत हटा लिया गया। एक अन्य पोस्टर भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी के आवास पर देखा गया।
इस रंगीन पोस्टर में जोशी की बड़ी सी तस्वीर है। इसमें कहा गया है कि दबाव के कारण उन्हें इस्तीफा देने के लिए बाध्य होना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि जोशी और मोदी के बीच पिछले काफी समय से प्रतिद्वंद्विता चली आ रही है। जोशी को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने से भी मोदी नाराज थे और इसलिए वह हाल ही में सम्पन्न राज्य विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार अभियान में शामिल नहीं हुए। मोदी और जोशी दोनों के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से घनिष्ठ सम्बंध हैं।
First Published: Wednesday, June 6, 2012, 10:34