संवैधानिक निकाय होगा लोकपाल : खुर्शीद - Zee News हिंदी

संवैधानिक निकाय होगा लोकपाल : खुर्शीद

नई दिल्ली : एक आश्चर्यजनक घटनाक्रम में सरकार ने लोकपाल को एक ऐसा संवैधानिक निकाय बनाने का इरादा जाहिर किया है जो चुनाव आयोग से अधिक शक्तिशाली होगा। केन्द्रीय विधि मंत्री सलमान खुर्शीद ने बताया कि इसके लिए अगले माह शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र में एक विधेयक पेश किया जाएगा और लोकपाल के इसी सत्र में पारित हो जाने की उम्मीद है।

लोकपाल को संवैधानिक दर्जा देने की यह पहल कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के पिछले माह समाप्त हुए संसद के अधिवेशन के दौरान दिये गये इस आशय के सुझाव के मद्देनजर हुई है। लोकपाल के स्वरूप के बारे में पूछे जाने पर विधि मंत्री ने कहा कि इसके लिये 11 सदस्यीय निकाय बनाने का प्रस्ताव है जिसमें से कम से कम 50 प्रतिशत सदस्यों को कानूनी विशेषज्ञता प्राप्त होगी। ये उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश जैसे सदस्य होंगे।

उन्होंने कहा, ‘हम एक बहुत मजबूत लोकपाल विधेयक के मसौदे पर काम कर रहे हैं। लोकपाल विधेयक संविधान संशोधन के साथ आयेगा। इस संशोधन से लोकपाल का दर्जा संवैधानिक प्राधिकार का हो जायेगा।’ विधि मंत्री ने कहा कि प्रस्ताव पर केंद्रीय मंत्रिमंडल ने औपचारिक रूप से विचार नहीं किया है लेकिन सरकार और पार्टी में ऐसी सोच है कि लोकपाल का दर्जा संवैधानिक हो।

उन्होंने कहा, ‘चर्चा से जुड़ी सभी सामग्रियों को स्थायी समिति के पास भेज दिया गया है। राहुल गांधी के सुझाव पर संज्ञान लिया गया और उसे भी भेजा गया है। मेरे विचार से यह महत्वपूर्ण सुझाव था।’ विधि मंत्री ने कहा कि लोकपाल चुनाव आयोग से अधिक मजबूत होगा और इसे अधिक अधिकार प्राप्त होंगे। इसका कार्य और दर्जा अधिक बड़ा होगा। उन्होंने कहा कि लोकपाल को संवैधानिक दर्जा प्रदान करने के लिए अलग से एक विधेयक पेश किया जायेगा।

खुर्शीद ने कहा कि लोकपाल को संवैधानिक निकाय बनाने के कदम का मकसद कानून पास करने में देरी करने का नहीं है। उन्होंने कहा कि संसद के शीतकालीन सत्र में इस विधेयक को पारित करने पर हम अभी भी कायम हैं।
खुर्शीद ने आश्वस्त किया कि प्रस्ताव संसद की विधि एवं न्याय तथा जन शिकायत एवं कार्मिक विभाग से जुड़ी स्थायी समिति के समक्ष है।

यह पूछे जाने पर कि क्या इस संबंध में विपक्षी पार्टियों को बता दिया गया है, उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल के विभिन्न सदस्य विपक्ष के कुछ विशिष्ट नेताओं के सम्पर्क में हैं। लोकपाल को एक प्रभावशाली निकाय बनाने पर जोर देते हुए खुर्शीद ने कहा, ‘अगर आप ऐसे निकाय पर विश्वास करना चाहते हैं जो इतना ताकतवर हो तो ऐसे निकाय का दर्जा इसके कार्यो के अनुरूप होना चाहिए।’

लोकपाल पर लोकसभा में चर्चा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इस विषय पर महत्वपूर्ण सुझाव दिया था। उन्होंने कहा, ‘मैं समझता हूं कि पार्टी राहुल गांधी के सुझाव के अनुरुप रुख अपनायेगी और यह हमारी सोच के अनुरुप है।’ खुर्शीद ने कहा कि सरकार उत्तरदायी कानून बनाने को प्रतिबद्ध है। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, October 12, 2011, 17:14

comments powered by Disqus