‘संसद गरिमा को लेकर नसीहत न दे कांग्रेस’ - Zee News हिंदी

‘संसद गरिमा को लेकर नसीहत न दे कांग्रेस’



ज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो/एजेंसी

 

नई दिल्‍ली : गांधीवादी कार्यकर्ता अन्‍ना हजारे व उनके सहयोगियों द्वारा जंतर-मंतर पर लोकपाल विधेयक के सिलसिले में आयोजित बहस में भाग लेने वाले राजनीतिक दलों की कांग्रेस की ओर से की गई आलोचना पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सख्‍त एतराज जताया है। वरिष्‍ठ भाजपा नेता एवं पार्टी प्रवक्‍ता रवि शंकर प्रसाद ने सोमवार को कहा कि हम सभी संसद का सम्‍मान करते हैं। जितने भी नेता वहां (जंतर-मंतर) गए थे, उन्‍होंने साफ शब्‍दों में कहा कि कानून सिर्फ संसद ही बना सकता है। संसद की गरिमा को लेकर कांग्रेस हमें नसीहत न दे।

 

भाजपा नेता ने यह भी कहा कि साथ ही यह भी महत्‍वपूर्ण है कि देश की जनता सरकार में हो रहे भ्रष्‍टाचार से त्रस्‍त हो चुकी है। ऐसे में नेता वहां यदि उनसे बातचीत के लिए चले गए तो इमसें गलत क्‍या है। उन्‍होंने कहा कि जहां तक संसद की गरिमा का सवाल है, इस बारे में हमें कांग्रेस से सीखने की जरूरत नहीं है।

 

उललेखनीय है कि जंतर-मंतर पर हुई बहस में भाजपा के अरुण जेटली, जद (यू) के शरद यादव, भारतीय कम्‍युनिस्‍ट पार्टी (भाकपा) के एबी वर्द्धन, मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी (माकपा) की वृंदा करात, बीजू जनता दल (बीजद) के पिनाकी मिश्रा, ऑल इंडिया अन्‍ना द्रविड़ मुनेत्र कडगम (एआईएडीएमके) के के. येरेन नायडू और समाजवादी पार्टी (सपा) के रामगोपाल यादव ने हिस्‍सा लिया था।

First Published: Monday, December 12, 2011, 14:45

comments powered by Disqus