Last Updated: Saturday, February 9, 2013, 12:34
नई दिल्ली : संसद पर आतंकी हमले के दोषी अफजल गुरू को फांसी दिये जाने के बाद कांग्रेस ने आज कहा कि इस दुस्साहसी हमला मामले में न्याय किया गया है। कांग्रेस प्रवक्ता संदीप दीक्षित ने कहा, ‘कानून ने अपना काम किया। न्याय किया गया है।’ संसद पर 2001 में हुए हमला मामले में दोषी करार दिये गए अफजल गुरू को आज सुबह आठ बजे तिहाड़ जेल में फांसी दी गई।
पार्टी के वरिष्ठ सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि अफजल गुरू को फांसी दिये जाने के निर्णय से कांग्रेस के उस रूख की पुष्टि हुई है कि यह संवैधानिक एवं कानूनी प्रक्रिया की परिणति है। उन्होंने कहा कि हमने कभी भी विभाजनकारी राजनीति नहीं की जैसा कि भाजपा ने किया। हमने नहीं बल्कि भाजपा ने फांसी को देशभक्ति का मापदंड बनाने की कोशिश की। बजट सत्र से पहले फांसी दिये जाने की आलोचनाओं को खारिज करते हुए उन्होंने इसे बचकाना और गैर जिम्मेदाराना करार दिया।
साल 2001 में संसद पर हुए हमले के दोषी मोहम्मद अफजल गुरु को आज गोपनीय अभियान के तहत दिल्ली के तिहाड़ जेल में सुबह आठ बजे फांसी दे दी गई । 43 वर्षीय गुरु की दया याचिका कुछ दिन पहले राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने खारिज कर दी थी। उसे 2002 में विशेष अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी और उच्चतम न्यायालय ने इस सजा को बरकरार रखा था। राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने कुछ दिन पहले उसकी दया याचिका खारिज कर दी थी। (एजेंसी)
First Published: Saturday, February 9, 2013, 12:34