समय पूर्व लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा तैयार : नायडू

समय पूर्व लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा तैयार : नायडू

समय पूर्व लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा तैयार  : नायडू हैदराबाद : भाजपा के वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू ने शनिवार को कहा कि समय से पहले लोकसभा चुनाव की संभावना को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने आक्रामक अभियान चलाने की रणनीति बनाई है और इसमें दक्षिणी राज्यों पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाएगा। विकास एवं सुशासन एजेंडे में सबसे ऊपर होगा।

नायडू ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘कांग्रेस का आधार दिन-प्रतिदिन खिसक रहा है जिसके कारण समय से पूर्व चुनाव की संभावना है, चाहे प्रधानमंत्री इस बारे में कुछ भी कहें। लोग इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए जल्द अवसर की प्रतीक्षा कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘दिल्ली में ऐसा विचार है कि अप्रैल तक क्यों इंतजार किया जाए। नुकसान को कम करने का प्रयास किया जाए और नवंबर में कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव के साथ लोकसभा चुनाव भी कराया जाए। केंद्र में इस तरह की चर्चा चल रही है।’

भाजपा नेता ने कहा, ‘इसलिए हमने राज्य इकाई से आकस्मिक योजना तैयार करने के को कहा है। अगर नवंबर में चुनाव होते हैं तब हमारे पास 100 दिन है और अगर अप्रैल में होते हैं तब 200 दिन हैं। हम देशभर में रैलियां आयोजित करेंगे और इसके लिए हमने स्थानों का चयन कर लिया है।’

नायडू ने कहा, ‘नरेन्द्र मोदी तूफानी दौरा करेंगे जबकि लालकृष्ण आडवाणी, राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, मुरली मनोहन जोशी और अरुण जेटली भी विभिन्न रैलियों को संबोधित करेंगे।’ उन्होंने कहा कि भाजपा 542 लोकसभा सीटों पर सम्मेलनों का आयोजन करेगी। उन्होंने कहा, ‘फ्रेंड्स आफ बीजेपी और ओवरसीज फ्रेंड्स आफ बीजेपी के साथ भाजपा अभियान चलाएगी।’

भाजपा नेता ने कहा, ‘हमारा लक्ष्य देश के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों के बारे में संदेश देना और विकास एवं सुशासन के भाजपा के एजेंडे का प्रसार करना है।’ राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘विडंबना यह है कि भारत विकास कर रहा है लेकिन लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने दावा किया है कि केवल एक वर्ष खराब रहा लेकिन स्थिति तब से खराब है जब से उन्होंने सत्ता संभाली।’ (एजेंसी)

First Published: Saturday, July 20, 2013, 17:35

comments powered by Disqus