Last Updated: Saturday, April 6, 2013, 18:57

जींद (हरियाणा) : पूर्व थलसेनाध्यक्ष जनरल वी के सिंह ने कहा है कि देश को एक ऐसी व्यवस्था की जरूरत है जहां सरकार को एक सैन्य इकाई की तरह चलाया जाए जिसके लिए राष्ट्र किसी जाति या धर्म से ऊपर होता है।
सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे की अगुवाई में हो रही ‘जनतंत्र यात्रा’ के तहत शुक्रवार रात एक जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने यहां कहा, ‘देश में गरीबी और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उन्हें खत्म करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। देश को एक ऐसी व्यवस्था की जरूरत है जहां सरकार को एक सैन्य इकाई की तरह चलाया जाए जिसके लिए राष्ट्र का महत्व सबसे ऊपर है और किसी जाति या धर्म की बारी इसके बाद आती है।’
पर्व थलसेनाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपने सियासी फायदे की खातिर लोगों को जाति और धर्म के आधार पर बांटा है।
अस्वस्थ होने की वजह से हजारे ने इस सभा की अध्यक्षता नहीं की। जनरल सिंह ‘जनतंत्र यात्रा’ के तहत 31 मार्च से ही हजारे के साथ पंजाब और हरियाणा का दौरा कर रहे हैं। कल शाम यह यात्रा जींद जिले के करसिंधु गांव पहुंची।
जनरल सिंह ने लोगों से अपील की कि इस साल सितंबर में नयी दिल्ली में होने वाली ‘जन संसद’ में शामिल हों और भ्रष्ट तथा राष्ट्र-विरोधी तत्वों के खिलाफ मिलकर लड़ें। (एजेंसी)
First Published: Saturday, April 6, 2013, 18:57