सरकार जनविरोधी, संसद तत्काल भंग हो : वी.के. सिंह

सरकार जनविरोधी, संसद तत्काल भंग हो : वी.के. सिंह

सरकार जनविरोधी, संसद तत्काल भंग हो : वी.के. सिंह ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी

मुम्बई : सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए पूर्व सेना प्रमुख जनरल वी.के. सिंह ने सोमवार को इसे जन विरोधी करार दिया और संसद को तत्काल भंग करने की मांग की।

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से जुड़ने के बाद सिंह ने कहा कि सरकार उद्योगपतियों के आगे झुक रही है।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर सीधा हमला बोलते हुए जनरल (सेवानिवृत्त) सिंह ने उनसे पूछा कि सरकार आखिर जनता को क्यों लूट रही है। वी.के. सिंह कुछ ही महीने पहले सेना से सेवानिवृत्त हुए हैं।

जनरल सिंह, अन्ना के साथ यहां मीडिया को सम्बोधित कर रहे थे। अन्ना अरविंद केजरीवाल और इंडिया अगेंस्ट करप्शन (आईएसी) से सम्बंध टूटने के बाद अब जल्द ही अपनी नई टीम घोषित करने वाले हैं।

सिंह ने कहा कि मौजूदा संसद को तुरंत भंग कर नए सिरे से चुनाव कराया जाना चाहिए ताकि संसद के प्रति लोगों का विश्वास दोबारा कायम हो सके। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन के मसले पर सरकार ने जनता का भरोसा खो दिया है।

पूर्व जनरल ने कहा कि किसानों की उपजाऊ जमीन अधिग्रहण कर सरकार निजी कम्पनियों के साथ बंदरबाट कर रही है।

उन्होंने कहा कि जिस जमीन पर किसानों का हक है उसे दूसरों को दिया जा रहा है। सिंह ने विपक्ष पर हमलावर रुख अख्तियार करते हुए कहा कि सरकार के साथ-साथ विपक्ष भी चुप है। देश की जल-जंगल और जमीन पर किसका हक है इस पर निर्णय करने का अधिकार जनता का है।

उन्होंने कहा, ‘सांसदों ने मुद्दों को उठाना बंद कर दिया है। भ्रष्टाचार, घोटाले, बेरोजगारी के कारण इस संसद से जनता का विश्वास उठ गया है। इसलिए हम मांग करते हैं कि संसद को भंग किया जाए।’

उन्होंने कहा कि सरकार ने संविधान की भावना के साथ खिलवाड़ किया है।

First Published: Monday, October 29, 2012, 18:15

comments powered by Disqus