Last Updated: Saturday, April 27, 2013, 00:02
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लाहौर की जेल में भारतीय नागरिक सरबजीत सिंह पर हुए हमले को लेकर आज कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की और मांग की कि भारत को उसका कड़ा संज्ञान लेना चाहिए और पाकिस्तान को ‘चेतावनी’ देनी चाहिए।
पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने यहां कहा कि पाकिस्तानी प्रतिष्ठान पर आतंकवादियों का नियंत्रण हो गया है। पाकिस्तान सरकार उनके इशारों पर नाचती है। सरबजीत पर हमला दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह और दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि उसकी बहन ने सरकार को पत्र लिखा था और पाकिस्तानी जेल में सरबजीत की जान पर खतरे के बारे में चेताया था।
भाजपा नेता ने इस बात पर अफसोस जताया कि इस लिखित चेतावनी के बाद भी सरकार ने कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि भारत को इसका कड़ा संज्ञान लेना चाहिए और पाकिस्तान को चेतावनी देनी चाहिए। पाकिस्तान की कोट लखपत जेल में बंद भारतीय कैदी सरबजीत सिंह पर आज दो कैदियों ने हमला किया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सरबजीत को फांसी की सजा सुनाई जा चुकी है। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एजाज अहमद चौधरी ने बताया कि इस घटना की जांच चल रही है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, April 27, 2013, 00:02