सिविल सेवा मुख्य परीक्षा नवंबर-दिसंबर में

सिविल सेवा मुख्य परीक्षा नवंबर-दिसंबर में

नई दिल्ली : संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से जारी एक अधिसूचना में बताया गया है कि इस साल सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा नवंबर या दिसंबर महीने में होगी। मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन अगस्त या सितंबर में मंगवाए जाएंगे।

यूपीएससी ने हाल ही में जारी एक नोटिस के जरिए बताया था कि मुख्य परीक्षा में अंग्रेजी के अनिवार्य प्रश्न-पत्र के अंक अंतिम मेधा सूची में जोड़े जाने का फैसला वापस ले लिया गया है। यूपीएससी ने साफ किया कि अंग्रेजी के अनिवार्य प्रश्न-पत्र के अंक अंतिम मेधा सूची में तो नहीं जोड़े जाएंगे लेकिन उसमें क्वालिफाई करना जरूरी होगा।

अंग्रेजी के अलावा संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल भाषाओं में से किसी एक भारतीय भाषा के प्रश्न-पत्र को भी क्वालिफाई करना जरूरी होगा लेकिन उसके अंक अंतिम मेधा सूची में नहीं जोड़े जाएंगे। अंग्रेजी और भारतीय भाषा के प्रश्न-पत्र का स्तर मैट्रिक या समकक्ष स्तर का होगा। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि 26 मई 2013 को होने जा रही सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के कार्यक्रम तथा स्वरूप में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

गौरतलब है कि प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण उम्मीदवारों को ही मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की आखिरी तारीख चार अप्रैल है। (एजेंसी)

First Published: Friday, March 29, 2013, 17:54

comments powered by Disqus