सीमा पर शहीद जवानों का अंतिम संस्कार आज

सीमा पर शहीद जवानों का अंतिम संस्कार आज

सीमा पर शहीद जवानों का अंतिम संस्कार आजज़ी मीडिया ब्यूरो
पटना : जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में पाकिस्तान की तरफ से हुई फायरिंग में शहीद हुए बिहार रेजिमेंट के चार जवानों और महाराष्ट्र के एक जवान का आज उनके अलग-अलग पैतृक गांवों में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

बिहार रेजिमेंट चारों शव बुधवार रात नई दिल्ली से पटना के जयप्रकाश नारायण एयरपोर्ट पर लाया गया जहां बिहार रेजिमेंट के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने शहीद जवानों को सलामी दी तथा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद इन सभी शहीद जवानों के शवों को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव भेजा गया जहां आज राजकीय सम्मान के साथ इनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। महाराष्ट्र के एक अन्य शहीद जवान पुंडलीक माने का शव भी कोल्हापुर जिला स्थित उनके पैतृक गांव ले जाया गया गया जहां उनका अंतिम संस्कार आज किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ में पाकिस्तान की तरफ से हुई फायरिंग में पांच भारतीय जवान शहीद हो गए थे। पांच में से चार जवान बिहार के रहने वाले थे। इनमें पटना के नजदीक बिहटा निवासी विजय कुमार राय, सारण जिला निवासी नायक प्रेमनाथ सिंह, भोजपुर जिला निवासी लांस नायक शंभुशरण राय और सारण जिला निवासी सिपाही रघुनंदन प्रसाद शामिल हैं। ये सभी बिहार रेजिमेंट के 21वीं बटालियन में शामिल थे।

एक अन्य शहीद जवान पुंडलीक माने का शव महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिला स्थित गांव पिंपलखुर्द ले जाया गया जहां सारा गांव चौपाल पर इकट्ठा हो गया। शहीद पुंडलीक माने अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनकी तनख्वाह और छोटी सी खेती पर सात लोगों का परिवार पलता था।

First Published: Thursday, August 8, 2013, 09:27

comments powered by Disqus