Last Updated: Wednesday, September 26, 2012, 18:34

सुरजकुंड (हरियाणा) : भारतीय जनता पार्टी की बुधवार को शुरू हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में दूर-दूर तक कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और पार्टी के एक सांसद नहीं दिखे। कहा जा रहा है कि इन दोनों ने बैठक का बहिष्कार किया जबकि लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज खराब स्वास्थ्य के चलते शामिल नहीं हो पायीं।
भ्रष्टाचार के आरोपों में मुख्यमंत्री के पद से हटने के लिए भाजपा आलाकमान द्वारा बाध्य किए जाने के बाद से नाराज चल रहे येदियुरप्पा राष्ट्रीय कार्यकारिणी से दूर रहे। बताया जाता है कि वह कर्नाटक में आर्ट ऑफ लिविंग कार्यशाला में हैं। पूर्णिया से पार्टी सांसद उदय सिंह ने भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का बहिष्कार किया है। वह अपने निर्वाचन क्षेत्र में हैं जहां वह जेडीयू-भाजपा गठबंधन सरकार के सात साल से सत्ता में रहने के बावजूद बिहार में विकास नहीं होने पर शोक व्यक्त करने के लिए 30 अक्टूबर को एक कार्यक्रम करने की योजना बना रहे हैं।
उदय सिंह ने हाल ही में विभिन्न मानकों पर विकास का मूल्यांकन कराने के लिए अपने निर्वाचन क्षेत्र में एक सर्वेक्षण कराया था। सर्वेक्षण रिपोर्ट में यह बात सामने आयी है कि इलाका पिछले सात साल में काफी पिछड़ गया है जो बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस दावे को झूठा सिद्ध करता है कि वर्ष 2005 में उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद काफी विकास हुआ है।
येदियुरप्पा और सिंह के करीबी सूत्रों ने बताया कि वे कल से शुरू हो रही राष्ट्रीय परिषद की बैठक में भी शामिल नहीं होंगे। परिषद की बैठक इस मायने में काफी अहम है कि वह राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और जिला प्रमुखों को दूसरा कार्यकाल दिये जाने को अनुमति देने से संबंधित पार्टी के संविधान में संशोधन पर मुहर लगाएगी। इसके बाद भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी के लिए दूसरे कार्यकाल का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा और ऐसे में राष्ट्रीय परिषद का येदियुरप्पा और सिंह द्वारा बहिष्कार किया जाना इस शीर्ष नेता के लिए सीधी चुनौती है।
खराब स्वास्थ्य को लेकर दस दिन पहले एम्स में भर्ती सुषमा स्वराज को अब तक छुट्टी नहीं मिली है। भाजपा प्रवक्ता रविशंकर ने कहा, ‘वह एम्स में हैं। वह अब स्वस्थ हो गयी हैं और ठीक हैं। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। उन्होंने कार्यकारिणी की बैठक के लिए अपनी शुभकामनाएं भेजी हैं।’ हालांकि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के लिए बहुत राहत लेकर आयी है। वह कल की बैठक में शामिल हो रहे हैं। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, September 26, 2012, 18:34