Last Updated: Wednesday, January 16, 2013, 15:29

खरार : पाकिस्तानी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए सेना प्रमुख जनरल बिक्रम सिंह ने कहा कि भारतीय सेनाओं ने नियंत्रण रेखा को पार नहीं किया और न ही उन्होंने बिना उकसावे के गोलीबारी की और दूसरे पक्ष में यदि कोई हताहत हुआ है तो वह जवाबी गोलाबारी की वजह से हुआ होगा।
शहीद लांस नायक हेमराज के परिवार से मिलने के बाद सेनाध्यक्ष ने कहा कि हमारे जवान नियंत्रण रेखा पार नहीं करते। हम मानव अधिकारों का सम्मान करते हैं। हम उकसाने पर जवाब में गोली चलाते हैं। लांस नायक हेमराज का आठ जनवरी को जम्मू कश्मीर के पुंछ में पाकिस्तानी सैनिकों ने नियंत्रण रेखा पार करके सिर काट दिया था।
पाकिस्तान के इस आरोप पर कि नियंत्रण रेखा के इर्द गिर्द बिना उकसावे की गई गोलीबारी में उसका एक सैनिक मारा गया, सेना प्रमुख ने कहा कि दोनो तरफ से गोलियां चलने के दौरान ऐसा हुआ होगा। उन्होंने कहा कि यह नियंत्रण रेखा पर होने वाली सामान्य गतिविधियां हैं। सीमा पार से गोलीबारी होने पर हमने उसका जवाब दिया। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, January 16, 2013, 15:29