‘सेना प्रमुख को बर्खास्‍त किया जाए’ - Zee News हिंदी

‘सेना प्रमुख को बर्खास्‍त किया जाए’

 

नई दिल्ली : थलसेना प्रमुख जनरल वीके सिंह द्वारा रक्षा मंत्री को विश्वास में लेने के बजाय सेना की तैयारियों की स्थिति पर प्रधानमंत्री को पत्र लिखने के मामले में राजद और सपा ने बुधवार को जनरल सिंह को बर्खास्‍त करने की मांग की। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा कि उन्हें (जनरल को) तत्काल बर्खास्‍त किया जाना चाहिए। यदि गोला-बारूद की कमी थी तो वह इतने दिन तक चुप क्यों रहे।

 

थलसेना प्रमुख को ‘कुंठित’ करार देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि जनरल चुनाव लड़ना चाहते हैं। यदि बलों से संबंधित कुछ मसले हैं तो उन्हें रक्षा मंत्री को विश्वास में लेना चाहिए। रक्षा बलों पर काफी निवेश किया गया है। लालू ने कहा कि उन्हें अपनी सीमाओं में रहना चाहिए। सपा नेता रामगोपाल यादव ने घटनाक्रम को गंभीर और संवेदनशील बताते हुए थलसेना प्रमुख को हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता हमेशा हमारी सेना में भरोसा रखती है। जहां तक पत्र की बात है यह बहुत गंभीर और संवेदनशील मामला है, जिसमें लिखा है कि हमारे 97 प्रतिशत गोला-बारूद अच्छे नहीं हैं।

 

सपा नेता ने कहा कि पत्र लीक करने के मामले में भी जिम्मेदार लोगों का पता कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि थलसेना प्रमुख जिम्मेदार हैं, जैसा कि प्रथम दृष्टया लगता है तो उन्हें तत्काल बर्खास्‍त किया जाना चाहिए। यदि सेना में इस तरह की अनुशासनहीनता बढ़ती है तो देश के लिए खतरनाक होगा। हालांकि रामगोपाल यादव ने कहा कि यह घटनाक्रम कमजोर नेतृत्व का भी संकेत है।

 

जदयू अध्यक्ष शरद यादव ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले 63 साल में ऐसा कभी नहीं हुआ। हम इस घटनाक्रम को लेकर बहुत चिंतित हैं। यह बहुत गंभीर मुद्दा है और जो भी हो रहा है अच्छी बात नहीं है।

(एजेंसी)

First Published: Wednesday, March 28, 2012, 19:14

comments powered by Disqus