Last Updated: Wednesday, February 15, 2012, 13:57
चंडीगढ़ : थलसेना प्रमुख जनरल वीके सिंह ने मेजर जनरल टीएस हांडा के उस आरोप का खंडन किया है कि जन्मतिथि में परिवर्तन करने से इनकार करने पर उन्होंने हांडा की सालाना गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) को खराब कर दिया था। मेजर जनरल हांडा ने पिछले साल अप्रैल में सशस्त्र बल न्यायाधिकरण (एएफटी) में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि उन्होंने (हांडा ने) थलसेना प्रमुख सिंह की जन्मतिथि पर परिवर्तन करने से इनकार कर दिया था। इस पर जनरल सिंह ने उनकी एसीआर को खराब कर दिया था।
जनरल सिंह ने एएफटी को सौंपे अपने जवाब में कहा कि पूर्वी कमान में अपने कार्यकाल के दौरान अपने एक कनिष्ठ अधिकारी के प्रदर्शन का आकलन करते हुए वह किसी दुर्भावना से ग्रसित नहीं थे। थलसेना प्रमुख ने कहा कि उन्होंने मेजर जनरल टीएस हांडा का आकलन पूरी तरह से उनके प्रदर्शन के आधार पर किया था। न्यायाधिकरण ने इस मामले में सुनवाई कल एक मार्च तक के लिए स्थगित कर दी थी। मेजर जनरल ने आरोप लगाया था कि यह घटना उस समय हुई जब वह सैन्य सचिव शाखा में उप सैन्य सचिव के पद पर नियुक्त थे और उसी दौरान जनरल सिंह के कागजात उनकी शाखा में आए थे। उस समय सिंह अंबाला में जीओसी थे।
हांडा ने आरोप लगाया कि सेना में बेहतरीन रिकार्ड के बावजूद ले. जनरल रैंक में प्रोन्नति के लिए उनके नाम पर विचार नहीं किया गया क्योंकि जनरल सिंह ने पूर्वी कमान के सैन्य कमांडर के रूप में उनके खिलाफ प्रतिकूल टिप्पणी की थी। हांडा ने आरोप लगाया कि जनरल सिंह ने उन्हें निशाना बनाया था।
(एजेंसी)
First Published: Wednesday, February 15, 2012, 19:27