Last Updated: Tuesday, October 9, 2012, 20:04

नई दिल्ली : भाजपा ने आज कहा कि कांग्रेस शासित हरियाणा में कथित तौर पर महिलाओं, खासकर दलित महिलाओं के लगातार उत्पीड़न से जो जख्म लगे हैं वे संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी के दौरा करने से दूर नहीं होंगे, बल्कि इसके लिए वहां के मुख्यमंत्री भूपिंद्र सिंह हुडा को इस्तीफा देना होगा।
पार्टी प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने यहां आरोप लगाया, हरियाणा में लगातार बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं और गुनहगारों के खिलाफ कार्रवाई होने की बजाए पीड़ित महिलाओं पर दबाव बनाया जा रहा है जिससे वे आत्महत्या करने को बाध्य हो रही हैं। इस बात पर उन्होंने हैरानी जताई कि सोनिया गांधी हुडा सरकार का बचाव क्यों कर रही हैं। उन्होंने जानना चाहा कि ऐसी सरकार को बचाने के पीछे कांग्रेस अध्यक्ष के क्या हित हैं।
उन्होंने कहा कि लगभग हर रोज हो रही बलात्कार की घटनाएं दर्शाती हैं कि हरियाणा सरकार महिलाओं और विशेषत: दलित महिलाओं की रक्षा करने में पूरी तरह असफल है। ऐसे में हुडा को मुख्यमंत्री बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।’ भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने कहा कि संविधान के अंतर्गत केन्द्र सरकार इस मामले में हुडा सरकार से पूछताछ करे और दोषियों को दंडित करे। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रशासन पंगु हो गया है और वह महिलाओं की सुरक्षा में विफल रहा है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, October 9, 2012, 20:04