Last Updated: Thursday, October 18, 2012, 09:31

बैंगलुरू: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी आज कर्नाटक के दौरे पर होंगी। लेकिन वह कुछ घंटों के लिए ही वहां रुकेंगी। उम्मीद की जा रही है कि उनके दौरे से राज्य में पार्टी के अलग-थलग नेताओं को विधानसभा चुनाव से पहले एकजुट करने में मदद मिलेगी।
पिछले छह माह में कर्नाटक का यह उनका दूसरा दौरा है। इस दौरान उनके दो कार्यक्रमों में भाग लेने की योजना है। उनके पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करने और भगवान शिव के कुडरोली गोकर्नाथेश्वर मंदिर में दशहरा उत्सव में भाग लेने का कार्यक्रम है। सोनिया गुरुवार को मैंगलोर पहुंचने वाली हैं। दो कार्यक्रमों के बाद उनके दिल्ली लौटने की योजना है।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने मैंगलोर के नेहरू मैदान में 20,000 पार्टी कार्यकर्ताओं के एकत्र होने का प्रबंध किया है। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष के शिव मंदिर में दशहरा उत्सव में शामिल होने का कार्यक्रम है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, October 18, 2012, 09:31