सोनिया ने कर्नाटक में फूंका चुनावी बिगुल - Zee News हिंदी

सोनिया ने कर्नाटक में फूंका चुनावी बिगुल

तुमकुर (कर्नाटक) : कर्नाटक में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों का बिगुल फूंकते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार को राज्य की सत्ता पर काबिज भाजपा पर करारा हमला बोला और अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपनी व्यक्तिगत महत्वाकाक्षाएं दरकिनार कर पार्टी को वापस सत्ता में लाने के लिए साथ मिलकर काम करें।

 

कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रतिनिधिमंडल की एक बैठक में सोनिया ने कहा, ‘जनता राजनीतिक भ्रष्टाचार एवं भाजपा के भ्रष्टाचार से बदलाव चाहती है। जनता भाजपा की विभाजनकारी सांप्रदायिक राजनीति से बदलाव चाहती है।’ कई कारणों से भाजपा से जनता का मोहभंग हो जाने का जिक्र करते हुए सोनिया ने कहा कि कथित तौर पर अपने आप को दूसरों से अलग बताने वाली भाजपा के चेहरे से अब नकाब उतर चुका है और भ्रष्टाचार एवं राजनीतिक भ्रष्टाचार पर इसके दोहरे मानदंड से लोग वाकिफ हो चुके हैं।

 

सोनिया ने कहा कि पिछले कई सालों से कांग्रेस अपनी पार्टी की कई कमजोरियों सहित कई कारणों से कर्नाटक की सत्ता में आने में नाकाम रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस लोगों को सद्भावना को चुनावी कामयाबी में तब्दील करने में नाकाम रही है। सोनिया ने कांग्रेस नेताओं से कहा कि व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाएं पार्टी के व्यापक हितों के आड़े नहीं आने चाहिए। पार्टी को हमेशा पहले पायदान पर होना चाहिए और मकसद पार्टी को सत्ता में वापस लाना होना चाहिए।

 

प्रदेश कांग्रेस में जान फूंकने के मकसद से कर्नाटक दौरे पर आयीं सोनिया ने सिद्धगंगा मठ के प्रमुख श्री श्री शिवकुमार स्वामी की 105वीं जयंती समारोहों में शिरकत की। प्रभावी माने जाने वाले लिंगायत समुदाय को कांग्रेस की ओर वापस खींचने की कोशिश के तहत सोनिया ने इस समारोह में शिरकत की। भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए सोनिया ने कहा कि इसकी सरकार लोगों के जनोदश के साथ छल किया है कर्नाटक जिस चीज के लिए जाना जाता था उसे बर्बाद किया है। सोनिया ने कहा कि उडुपी-चिकमंगलूर लोकसभा उप-चुनाव में कांग्रेस की जीत ने लोकसभा उप-चुनाव में बदलाव के लिए लोगों की चाहत को दिखाया है।

 

साल 1978 में चिकमंगलूर सीट से दिवंगत इंदिरा गांधी की जीत से कांग्रेस को पुनर्जीवित करने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यदि सभी पार्टी कार्यकर्ता और नेता साथ मिलकर काम करें तो हालिया जीत कर्नाटक में पार्टी को फिर से बेहतर दिन दिखाने में मदद कर सकती है। समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एस एम कृष्णा, मल्लिकाजरुन खड़गे, एम वीरप्पा मोइली, सिद्धारमैया, मोतम्मा, केपीसीपी अध्यक्ष जी परमेश्वरा और ऑस्कर फर्नांडीज भी मौजूद थे। (एजेंसी)

First Published: Saturday, April 28, 2012, 19:07

comments powered by Disqus