Last Updated: Tuesday, October 1, 2013, 09:58
ज़ी मीडिया ब्यूरोरांची/पटना : चारा घोटाले में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के जेल जाने के बाद उनकी पत्नी एवं बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा है कि जिस तरह से सोनिया गांधी और राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी को चला रहे हैं, उसी तरह से वह और उनका बेटा तेजस्वी दोनों मिलकर राजद को चलाएंगे।
अदालत के फैसले का असर पार्टी पर किस तरीके का होगा। यह पूछे जाने पर राबड़ी ने कहा कि लालू प्रसाद की गैरहाजिरी में उनका पुत्र पार्टी को चलाएगा। क्योंकि लालू ने पार्टी खड़ी की है।
सीबीआई की रांची कोर्ट के फैसले के बाद राबड़ी ने कहा, ‘चूंकि सोनिया गांधी और राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी को चला रहे हैं। इस पार्टी को उनके पूर्वजों ने बनाया। ठीक इसी तरह से हम भी राजद को मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे।’
वहीं, लालू के पुत्र तेजस्वी यादव ने रांची में पत्रकारों से कहा, ‘ हम हाईकोर्ट में अपील करेंगे। हमें न्यायपालिका में पूरा भरोसा है। यह साजिश है। हम जनता की अदालत में जाएंगे और उन तत्वों को लोकसभा चुनाव में जवाब देंगे जिन्होंने हमारे नेता को निशाना बनाया है।’
राबड़ी ने कहा कि उनके पति साजिश के शिकार हुए हैं। हालांकि, उन्होंने साजिश रचने वालों का नाम बताने से इनकार कर दिया। राबड़ी ने कहा कि ऎसे लोगों को हर कोई जानता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार और शिवानंद तिवारी जैसे नेता भ्रष्टाचार में लिप्त होने के बावजूद सत्ता में बैठे हुए हैं। 1996 में जब चारा घोटाला सामने आया था तब राबड़ी ने पार्टी को अच्छी तरह से चलाया था। सीबीआई की जांच में नाम आने पर लालू प्रसाद यादव ने 25 जुलाई 1997 को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। लालू ने अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बनवा दिया। राबड़ी 1999 में फिर मुख्यमंत्री बनी और एक साल तक राज किया। इसके बाद साल 2000 से 2005 तक वह मुख्यमंत्री पद पर रहीं।
First Published: Tuesday, October 1, 2013, 09:54