सोशल मीडिया के जरिये युवाओं को लुभाएंगे शाह

सोशल मीडिया के जरिये युवाओं को लुभाएंगे शाह

सोशल मीडिया के जरिये युवाओं को लुभाएंगे शाह नई दिल्ली : अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले देश के बड़े युवा वर्ग को प्रभावित करने के लिए भाजपा ने महासचिव अमित शाह को सोशल मीडिया के जरिये युवाओं से जुड़ने की जिम्मेदारी सौंपी है।

भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने पार्टी के संसदीय बोर्ड, जिसकी बैठक कल हुई थी, से परामर्श करते हुए देश के बड़े मतदाता वर्ग को और खासकर युवाओं तक सोशल मीडिया के जरिये पहुंच बनाने की जिम्मेदारी शाह को सौंपने का निर्णय लिया।

पार्टी की चुनाव अभियान समिति के प्रमुख नरेंद्र मोदी के करीबी सहयोगी शाह गुजरात में मोदी की चुनाव अभियान टीम में शामिल रहे हैं। मोदी भी ट्विटर, फेसबुक और गूगल प्लस जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पुरजोर तरीके से अभियान चलाते हैं।

महासचिव राजीव प्रताप रूढ़ी को रेडियो पर अभियानों के माध्यम से जनता से तारतम्य बैठाने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। पार्टी नेता मुरलीधर राव पर देशभर में पार्टी कार्यकर्ताओं समेत युवाओं को जोड़ने की जिम्मेदारी होगी।

महासचिव धर्मेंद्र प्रधान, संगठन महासचिव रामलाल और राजनाथ सिंह के राजनीतिक सलाहकार सुधांशु त्रिवेदी को सांगठनिक सक्रियता पर नजर रखने का और कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारियों की बैठकें आयोजित करने का काम सौंपा गया है।

भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी संप्रग सरकार की कथित विफलताओं पर ‘आरोपपत्र’ तैयार करने की जिम्मेदारी संभालेंगे। जेपी नड्डा पर डॉक्टरों, इंजीनियरों और देशभर में ऐसे ही अलग-अलग पेशेवर समुदायों को जोड़ने का जिम्मा होगा।

भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी को दिल्ली और राजस्थान प्रदेशों का काम सौंपा जा सकता है जहां इस साल चुनाव होने हैं। संसदीय बोर्ड की 8 जुलाई को होने वाली बैठक में कुछ और महत्वपूर्ण घोषणाएं हो सकती हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, July 5, 2013, 23:24

comments powered by Disqus